- हरियाणा से दिल्ली रैली में जुटेंगे लाखों लोग
कांग्रेस ने एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली रैली में हरियाणा से लाखों लोगों के शामिल होने का दावा किया है। शुक्रवार को हांसी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में रैली का न्योता देने के लिए प्रेसवार्ता की गई।
कांग्रेस के हांसी प्रभारी और पूर्व विधायक पदम सिंह दहिया ने केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं और कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व और पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद चौधरी दीपेंद्र सिंह हुड्डा के मार्गदर्शन में प्रदेशभर से लोग रैली में शामिल होंगे।
भाजपा सरकार ने पूरा नहीं किए वादे : दहिया
दहिया ने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव से पहले विदेशों से काला धन लाकर हर व्यक्ति के खाते में 15 लाख रुपए देने, किसानों की आय दोगुनी करने और युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि 12 साल में ये वादे पूरे नहीं हुए और सरकार की नीतियों से जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है।
पत्रकारों के सवालों के जवाब में विधायक जस्सी पेटवाड़ ने सरकारी भर्तियों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल में एचपीएससी और एचएसएससी के जरिए चार लाख से ज्यादा नौकरियां दी गईं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार युवाओं को पर्याप्त रोजगार देने में नाकाम रही है।
चतुर्थ श्रेणी के लिए पीएचडी का आवेदन करना रोजगार का संकट
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए पीएचडी जैसी उच्च योग्यता वाले युवाओं का आवेदन करना रोजगार संकट दिखाता है।
किसानों के मुद्दे पर नेताओं ने आरोप लगाया कि मंडियों में खरीद पर असर और मिलरों की संख्या घटने से किसानों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को फसलों का उचित भाव नहीं मिल रहा और खरीद व्यवस्था में सुधार की जरूरत है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हुड्डा सरकार के दौरान 25 हजार सफाई कर्मचारियों की भर्ती हुई थी, जबकि भाजपा सरकार में इस दिशा में अपेक्षित काम नहीं हुआ।
भाजपा पर धर्म और जाति के नाम पर बांटने का आरोप
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर जाति और धर्म के नाम पर लोगों को बांटने तथा सामाजिक भाईचारा खराब करने का आरोप लगाया। दिल्ली में छात्रों के साथ कथित मारपीट का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने भाजपा, आरएसएस और बजरंग दल पर निशाना साधा। साथ ही कहा कि विपक्ष को लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन और रैली करने का अधिकार है। भाजपा की ओर से कांग्रेस पर अराजकता फैलाने के आरोपों से जुड़े सवालों पर नेताओं ने पलटवार किया। उन्होंने भाजपा पर वोट चोरी के जरिए सत्ता में आने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने अपने आरोपों के समर्थन में तथ्य और सबूत प्रस्तुत किए हैं। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि एक नवंबर की रैली में हरियाणा से बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे और यह रैली जनता के मुद्दों को उठाने के साथ सामाजिक भाईचारे का संदेश देगी।
