- हिसार में भाजपा MP ने साधा राहुल गांधी पर निशाना
हिसार में भाजपा के राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की दिल्ली में प्रस्तावित वोट बचाओ-देश बचाओ रैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि 10 लाख लोगों की भीड़ जुटाने के दावे से दिल्लीवासियों और व्यापारियों को परेशानी हो सकती है।
उन्होंने कांग्रेस पर वोट चोरी के आरोप लगाकर चुनाव आयोग को निशाना बनाने का आरोप लगाया। बराला शुक्रवार को हिसार स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता कर रहे थे।
राहुल गांधी पर निशाना, एसआईआर का किया समर्थन
बराला ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस भ्रम फैला रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गलत दस्तावेजों के आधार पर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की आशंकाओं को दूर करना जरूरी है। भाजपा इस मुद्दे पर लोकतंत्र बचाओ- अराजकता हटाओ अभियान के तहत जनता के बीच जाएगी।
नेहरू-पटेल और इंदिरा गांधी का किया जिक्र
बराला ने कांग्रेस के इतिहास का हवाला देते हुए दावा किया कि प्रधानमंत्री पद के चयन में सरदार वल्लभभाई पटेल को 28 और जवाहरलाल नेहरू को दो वोट मिले थे, फिर भी नेहरू प्रधानमंत्री बने।
उन्होंने इंदिरा गांधी के रायबरेली चुनाव का भी उल्लेख किया और कहा कि राजनारायण की याचिका पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उनका चुनाव रद्द कर दिया था। बराला ने कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपना इतिहास देखना चाहिए।
केजरीवाल और आम आदमी पार्टी पर भी हमला
आम आदमी पार्टी के सांसदों के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर बराला ने कहा कि नेताओं ने अपनी पार्टी के कामकाज और वादों से असंतुष्ट होकर फैसला लिया।
उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर यमुना की सफाई और पंजाब से नशा खत्म करने जैसे वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के भाजपा में आने का जिक्र करते हुए भी विपक्षी दलों पर निशाना साधा।
1 नवंबर को रोहतक में भाजपा की यात्रा
बराला ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 1 नवंबर को रोहतक आएंगे। वहां लगभग 700 मीटर की सांकेतिक यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि है और भाजपा कांग्रेस के आरोपों का जवाब जनता के बीच जाकर देगी।
