• कैथल में इनेलो प्रदेशाध्यक्ष का कांग्रेस-भाजपा को घेरा

कैथल में इंडियन नेशनल लोकदल के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने वोट चोरी के मुद्दे पर इंडिया गठबंधन को घेरा है। माजरा ने कहा कि दिल्ली में गठबंधन की जो रैली हुई, उससे यह बात तो साबित हो गई है कि हरियाणा प्रदेश की हरियाली को चाटने वाली गुलाबी सुंडी अब खत्म हो गई है। अब फिर से हरियाणी में हरियाली लहराएगी। उनका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।

बोले- कांग्रेस ने बड़े बड़े नेताओं को भी जेलों में भेजा

माजरा ने कहा कि जो लोग कहते हैं कि वोट चोर गद्दी छोड़, वो खुद अपने गिरेबान में झांक कर देखें। देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में इमरजेंसी लगाई थी। बेगुनाह लोगों को जेलों में डाल दिया था। बड़े बड़े नेताओं को भी जेलों में भेजा गया। वे भूल गए हैं कि उनके राज में किस प्रकार न्याय का गला घोंटा गया था।

जब कांग्रेस सरकार थी तो हरियाणा के किसानों की 72 हजार एकड़ जमीन छीनकर बड़ी बड़ी कंपनियों को दे दी गई। किसानों के बच्चों को भीख मांगने की कगार पर पहुंचा दिया। जिन्होंने अल्पमत की सरकारों को बहुमत में बदल दिया और बहुमत की सरकारों कसे कांग्रेस ने अल्पमत में बदला था।

1982 में ताऊ देवी लाल को शपथ दिलाने के लिए बुलाया गया, लेकिन भजनलाल को शपथ दिला दी गई। कांग्रेस ने राज्यपालों के पदों को दुरुपयोग करके बनी हुई सरकारों को गिरा दी। वे लोग आज लोकतंत्र की दुहाई दे रहे हैं, जिन्होंने अपने समय में लोकतंत्र को पांवों के नीचे रौंद दिया था।

कहा-भाजपा के विधायक और मंत्री काट रहे अवैध कॉलोनी

भाजपा ने भी कांग्रेस की ही राह पर चलते हुए ऐसा ही किया। विधायकों को खरीदा और सांसदों को लालच देकर अपने पाले में ले गए। विधायक और इनके मंत्री अवैध कॉलोनी काटने में लगे हुए हैं। दीन दयाल उपाध्याय आवास योजना के नाम पर करोड़ों रुपए के घपले इनके नेता कर रहे हैं।

धान घोटाला, रजिस्ट्री घोटाला, शराब घोटाला व सफाई घोटाला जैसे कई ऐसे उदाहरण हैं। गीता जयंती के नाम पर कुरुक्षेत्र में हर बार बड़ा आयोजन होता है, जहां पर ये लोग करोड़ाें रुपए कमाते हैं। उन्होंने सभी पार्टियों के नेताओं से अपील की कि प्रदेश की स्थिति को सुधारने के लिए लड़ें।