• प्रजातंत्र में काेई भविष्यवाणी नहीं होती

हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने राजस्थान पंचायत चुनाव में भाजपा की हार पर बड़ा बयान दिया है। सोमवार को झज्जर पहुंचे मंत्री ने कहा- लोकतंत्र में बड़े-बड़े रजवाड़े भी चले गए, जिनके बारे में कभी माना जाता था कि उनका राज हमेशा रहेगा। प्रजातंत्र में कोई भविष्यवाणी नहीं होती, केवल जनता के फैसले का आकलन होता है।  उनका यह बयान इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने हरियाणा में गृह मंत्री अमित शाह की पैदल यात्रा के दौरान दावा किया था कि भाजपा 50 साल तक कहीं जाने वाली नहीं है।

इसके अलावा मंत्री राव नरबीर ने प्रशासनिक मुद्दों पर भी खुलकर बात की। करीब पांच महीने बाद झज्जर में परिवेदना समिति की बैठक लेने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह इसके लिए माफी चाहते हैं।  उन्होंने अपनी उस पुरानी टिप्पणी का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि फोटो खिंचवाने के पैसे लगते हैं। मंत्री ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने यह बात मीडिया से मजाक में कही थी।

 

मंत्री नरबीर ने ऐसे दिए मीडिया के सवालों के जवाब…

सवाल- मनोहर लाल खट्टर के ’50 साल तक भाजपा राज’ वाले बयान पर आपकी क्या राय है?

मंत्री राव नरबीर- प्रजातंत्र में भविष्यवाणी नहीं होती, केवल आकलन होता है। लोकतंत्र में बड़े-बड़े रजवाड़े भी चले गए, जिनके बारे में कभी माना जाता था कि उनका राज हमेशा रहेगा। जनता जिसको चाहेगी, वही रहेगा। प्रजातंत्र में जनता ही जनार्दन है। जब तक जनता चाहेगी, 30 साल, 50 साल क्या, 100 साल तक भी रख सकती है और 5 साल भी नहीं रखेगी। प्रजातंत्र में हर पांच साल में चुनाव होते हैं। अब मनोहर लाल जी का अपना आकलन है, तो वही बता सकते हैं। उम्मीद तो हर कोई करता ही है कि मैं 50 साल या 100 साल तक रहूं।

सवाल- दुष्यंत चौटाला कहते हैं कि हरियाणा के मुख्यमंत्री पंजाब में ज्यादा जाते हैं?

मंत्री राव नरबीर- कल को आप यह भी कहेंगे कि देश का प्रधानमंत्री भी देश में घूमता है। कहीं किसी आदमी की मांग होती है, तो वह वहां जाता है। मैं पंजाब नहीं जाता, क्योंकि वहां मेरी मांग नहीं है। दुष्यंत चौटाला की मांग नहीं है, लेकिन नायब सैनी जी की मांग है। अगर पंजाब या किसी दूसरे राज्य से किसी व्यक्ति की मांग आती है, तो वह वहां जाते हैं।

सवाल- राव इंद्रजीत का बयान है कि दक्षिण हरियाणा की अनदेखी हुई है?

मंत्री राव नरबीर- मैं यह कह सकता हूं कि दक्षिण हरियाणा से मैं भी विधायक हूं और आम आदमी भी हूं। भाजपा सरकार के इन 12 सालों में हमारे जितने काम हुए हैं, उतने अब तक किसी सरकार में नहीं हुए। फिर भी हो सकता है कि उनके ध्यान में कोई ऐसा काम हो, जो नहीं हुआ हो। सरकार उसे पूरा करने की कोशिश करेगी।

सवाल- दीपेंद्र हुड्डा कह रहे हैं कि भाजपा ने जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं कराया?

मंत्री राव नरबीर- प्रजातंत्र में सरकार बनाने का पैमाना सिर्फ वोट है। लोगों ने तीन बार हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाई है। मैं इसे यही मानूंगा कि लोग खुश हैं। जब राम और कृष्ण ने भी इस धरती पर जन्म लिया, तब भी सभी लोग उनसे खुश नहीं थे। कुछ लोग सरकार की आलोचना करते रहते हैं, यह उनका काम है। मैं कह रहा हूं कि पांच साल बाद जनता फैसला करेगी और उसका नतीजा आप सबके सामने होगा।

15 शिकायतों में से 10 का मौके पर निपटारा

परिवेदना समिति की बैठक में कुल 15 शिकायतें और विवाद सुनवाई के लिए रखे गए। इनमें से 10 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरता से निपटारा करने और आमजन को राहत देने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जिला प्रशासन की ओर से डीसी वर्षा खांगवाल और पुलिस आयुक्त सिमरदीप सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष विकास वाल्मीकि मौजूद रहे।