- वोट बचाओ’ अभियान को लेकर कांग्रेस की भिवानी में मीटिंग
कांग्रेस के वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तैयार करने के लिए रविवार को भिवानी में जिला स्तरीय बैठक हुई। जैन चौक स्थित तिलक भवन में जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित बैठक में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह शामिल हुए।
बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहरी) प्रदीप गुलिया जोगी ने की, जबकि मंच संचालन भिवानी ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश कौशिक ने किया।
मीटिंग में राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान की अगली कड़ी के रूप में वोट रक्षक अभियान की रूपरेखा साझा की गई।
कांग्रेस नेताओं ने अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने पर चर्चा की। इस दौरान पार्टी के आगामी आंदोलनों और कार्यक्रमों को लेकर भी रणनीति बनाई गई।
26 नवंबर को पंचकूला में होगा संविधान रक्षा मार्च
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर पंचकूला में प्रदेश स्तरीय संविधान रक्षा मार्च निकाला जाएगा। इसमें लोकतंत्र और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान की रक्षा के लिए सभी संविधान प्रेमियों को आमंत्रित किया गया है।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों से केंद्र और प्रदेश में सत्ता में रहने वाली पार्टी के नेता ही लोकतंत्र को खतरा होने की बात कह रहे हैं। उनके अनुसार, वास्तव में सत्ता में बैठी भाजपा संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत कांग्रेस की चौपालें लगातार आयोजित की जा रही हैं और पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि उनके कार्यों की समीक्षा होनी चाहिए और दर्ज एफआईआर रद्द की जानी चाहिए। उन्होंने आगामी चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग भी उठाई। राजस्थान उपचुनाव के नतीजों का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे लोकतंत्र और कांग्रेस की जीत बताया।
संजय दत्त बोले- हर बूथ पर तैनात होंगे वोट रक्षक
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि वोट रक्षक अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ता तैनात किए जाएंगे, जो मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में जनता की आवाज उठाने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को परेशान किया जा रहा है। गुरुग्राम में काले झंडे दिखाने वाले कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों को प्रताड़ित किया गया। आंदोलन के दौरान कांग्रेस के जिला अध्यक्षों को बिना वारंट हाउस अरेस्ट किए जाने के भी आरोप लगाए।
बोले- सरकारी दफ्तरों में बिना पैसे फाइल आगे नहीं बढ़ती
संजय दत्त ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कहा कि पिछले 12 वर्षों से केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है। इसके बावजूद सरकारी कार्यालयों में बिना विटामिन एम यानी पैसे के कोई फाइल आगे नहीं बढ़ती। उन्होंने ईडी और सीबीआई के कामकाज पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि ये एजेंसियां भाजपा के प्रकोष्ठ की तरह काम कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा विपक्ष में रहते जिन नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाती थी, उनके पार्टी में शामिल होने के बाद वही आरोप खत्म हो जाते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर भी प्रदेश की समस्याओं के बजाय दूसरे राज्यों और विदेश दौरों में व्यस्त रहने का आरोप लगाया।
तीन नेताओं ने जॉइन की कांग्रेस
बैठक के दौरान पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष फूलचंद मुलाना के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। वहीं, इनेलो छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए पार्षद कर्मवीर यादव और पार्षद कविता यादव का स्वागत किया गया।
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के उपाध्यक्ष सुरेश डुलगच ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। बैठक में मौजूद नेताओं ने आगामी अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
