• कुरुक्षेत्र पहुंची इनेलो महिला विंग प्रदेश अध्यक्ष सुनैना चौटाला

इनेलो की महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष और कुरुक्षेत्र-करनाल की प्रभारी सुनैना चौटाला ने पार्टी में हुई टूट पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं की माला बनाई थी।

उसे कुछ महत्वाकांक्षी लोगों ने तोड़ दिया गया। हम उस माला को दोबारा पूरा करेंगे। उनका इशारा पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की ओर था। हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया।

जाट धर्मशाला में मीटिंग करने पहुंचीं

सुनैना चौटाला आज शाम जाट धर्मशाला में मुख्य कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग करने पहुंची थीं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि चौधरी देवी की बनाई माला को बूथ स्तर पर मजबूत करना होगा। इसके लिए गांव-गांव जाना होगा।

गांव-गांव जाकर महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और नए लोगों को संगठन के साथ जोड़ना जाएगा। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर काम करने की गाइडलाइन दी गई है। पार्टी की असली ताकत बूथ स्तर का संगठन है।

वोट चोरी लोकतंत्र पर हमला

सुनैना चौटाला ने चुनाव आयोग को लेकर भी सरकार और व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब चुनाव आयोग भी सवालों के घेरे में आ जाए तो यह चिंता का विषय है। यह सीधे तौर पर लोकतंत्र पर हमला है।

लोकतंत्र को बचाने के लिए लोगों को खुद आगे आना होगा। आरोप लगाया कि लोगों का मौजूदा सरकार से भरोसा उठ रहा है। सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है। गरीब, मजदूर तथा छोटे व्यापारियों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।

वोट ही जनता की असली ताकत

कहा कि युवाओं को नौकरियां नहीं मिल रही हैं। भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं। डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से लोगों को वोट की जो सबसे बड़ी ताकत दी थी, उस पर भी हमला हो रहा है।

खरीद बंद से किसान एजेंटों के भरोसे

सुनैना चौटाला ने आरोप लगाया कि प्रदेश की मंडियों में धान की खरीद बंद कर दी गई है। ऐसे में किसान अपनी फसल बेचने के लिए एजेंटों के पास जाने को मजबूर हैं। उनके पास कोई दूसरा रास्ता ही नहीं बचा।

धान घोटाले के बीच नहर का पानी बंद

आरोप लगाया कि प्रदेश में धान खरीद को लेकर घोटाले हो रहे हैं। इस बीच सरकार ने अगली फसल की बुआई के लिए नहरों का पानी बंद कर दिया। मुख्यमंत्री पंजाब में घूम रहे हैं, जनता से कोई मतलब नहीं है।