- गुरुग्राम में बोले- यह दिलों का गठबंधन, पंजाब के लोगों के हित में लिया फैसला
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने छह साल बाद फिर से गठबंधन का ऐलान किया है। दोनों दल 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे।
इस गठबंधन पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे पंजाब के लोगों के हित में लिया गया फैसला बताया। मंगलवार को गुरुग्राम में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने पंजाब की मौजूदा सरकार पर भी निशाना साधा।
सीएम सैनी ने कहा कि पंजाब में जिस तरह का तंत्र खड़ा हुआ है, वह ठीक नहीं है। वहां गैंगस्टरवाद, भ्रष्टाचार और लोगों को अपमानित करने की घटनाएं देखने को मिल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर कोई व्यक्ति अपनी बात कहने के लिए जाता है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया जाता है। देश में पहली बार पंजाब में इस तरह का माहौल देखने को मिल रहा है।
भगत सिंह के नाम पर किए वादे पूरे नहीं किए
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद भगत सिंह ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन कुर्बान कर दिया। पंजाब सरकार ने उनके चरणों में बैठकर कई वादे किए थे, लेकिन उन वादों के विपरीत काम किया गया। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग मौजूदा हालात से तंग हैं। भाजपा और अकाली दल का गठबंधन राज्य के लोगों के हित में हुआ है।
बोले- यह भाजपा और अकाली दल के दिलों का गठबंधन
नायब सिंह सैनी ने गठबंधन को दिलों का गठबंधन बताया। उन्होंने कहा कि गुरुपर्व के अवसर पर वह सभी को इसकी बधाई देते हैं। पंजाब के गुरुओं ने हमेशा भाईचारे, सेवा और सद्भाव का संदेश दिया है। उनकी शिक्षाएं आज भी एकता के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।
सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पंजाब को बचाने के लिए यह गठबंधन अहम है और इससे राज्य के लोगों के हितों को मजबूती मिलेगी।
