• कहा- नौकरी के लिए असमंजस में

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई ने सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से चंडीगढ़ में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJU), हिसार में कार्यरत पार्ट टाइम टीचर्स और गेस्ट फैकल्टी की सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

उन्होंने शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री को मांग पत्र भी सौंपा। इस दौरान भाजपा विधायक रणधीर सिंह परिहार भी मौजूद रहे।

मुलाकात में प्रदेश की राजनीति और अन्य अहम मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इससे पहले कुलदीप बिश्नोई हैफेड के नवनियुक्त चेयरमैन वीरेंद्र शर्मा के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में भी शामिल हुए।

30 नवंबर तक सेवाएं जारी रखने की मिली है अनुमति

मुख्यमंत्री को सौंपे मांग पत्र में कुलदीप बिश्नोई ने बताया कि GJU के विभिन्न विभागों में कई पार्ट टाइम टीचर्स और गेस्ट फैकल्टी सदस्य पिछले कई वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कार्यालय ने 13 नवंबर 2026 को जारी आदेश के तहत इनकी सेवाएं 30 नवंबर 2026 तक जारी रखने की अनुमति दी है।

उन्होंने कहा कि इस आदेश के बाद कर्मचारियों के भविष्य और नौकरी की निरंतरता को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में उनकी सेवाएं जारी रखने और समस्याओं का समाधान करने के लिए सरकार से हस्तक्षेप की मांग की गई है।

अंबाला में अनिल विज से भी मिले

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद कुलदीप बिश्नोई ने कैबिनेट मंत्री अनिल विज से अंबाला स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। विज ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा करते हुए इसे शिष्टाचार मुलाकात बताया।