- कहा था-1952 से कोई विकास नहीं हुआ
रेवाड़ी में वोट चोरी और विकास नहीं होने को लेकर भाजपा नेता सुनील मूसेपुर के बयान पर पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मूसेपुर के बयान को उनका निजी विचार बताते हुए कहा कि इस बारे में उनसे ही सवाल किया जाना चाहिए।
वहीं, रेवाड़ी में विकास नहीं होने के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुई परियोजनाओं का जिक्र किया। इनमें नेशनल हाईवे, फ्लाईओवर, रेलवे ओवरब्रिज, माजरा में निर्माणाधीन एम्स और शैक्षणिक संस्थान शामिल हैं।
सोमवार को रेवाड़ी स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान डॉ. बनवारी लाल से सुनील मूसेपुर के बयान को लेकर सवाल किया गया था।
मूसेपुर ने हाल ही में एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में आरोप लगाया था कि रेवाड़ी में वोट चोरी हो रही है। इसमें सरकार के बजाय अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि 1952 से अब तक रेवाड़ी में कोई विकास नहीं हुआ और शहर वहीं का वहीं खड़ा है।
वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा
वोट चोरी के आरोपों पर पूर्व मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिन राज्यों में चुनाव जीतती है, वहां वोटर लिस्ट पर सवाल नहीं उठाती, लेकिन हारने के बाद वोट चोरी का मुद्दा उठाने लगती है। उन्होंने राजस्थान का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर वहां भी वोट चोरी हुई होती तो भाजपा चुनाव कैसे जीतती।
बैकलॉग भर्ती और विश्वविद्यालयों में पिछड़ा एवं आजाद वर्ग को उचित प्रतिनिधित्व देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस विषय पर गंभीरता से काम कर रही है। इन वर्गों को उनका पूरा प्रतिनिधित्व देने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
विकास के दावे के समर्थन में गिनाईं परियोजनाएं
रेवाड़ी में विकास नहीं होने के आरोपों पर डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि जिले में बुनियादी सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में कई काम हुए हैं। उन्होंने नेशनल हाईवे, फ्लाईओवर और रेलवे ओवरब्रिज का जिक्र किया। इसके अलावा माजरा में निर्माणाधीन एम्स को भी बड़ी परियोजना बताया।
शिक्षा के क्षेत्र में कृषि कॉलेज में एमएससी और पीएचडी की पढ़ाई शुरू होने तथा धामलावास में पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थापित होने का उदाहरण दिया। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत पेयजल व्यवस्था में हुए कामों का भी उल्लेख किया।
25 नवंबर को हरियाणा में प्रवेश करेगी समरसता यात्रा
प्रेसवार्ता में डॉ. बनवारी लाल ने संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से निकाली जा रही समरसता यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 नवंबर को पंजाब से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन जैन ने यात्रा का शुभारंभ किया था।
यह यात्रा 25 नवंबर को यमुनानगर के रास्ते हरियाणा में प्रवेश करेगी। इसी दिन कुरुक्षेत्र के उमरी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद यात्रा सोनीपत होते हुए उत्तर प्रदेश जाएगी।
उन्होंने बताया कि 28 नवंबर को दूसरी यात्रा दिल्ली से हरियाणा में प्रवेश करेगी। यह फरीदाबाद और पलवल होते हुए उत्तर प्रदेश के वाराणसी के लिए रवाना होगी। यात्रा के स्वागत और आयोजन के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की ड्यूटियां लगाई गई हैं।
