• कांग्रेस अपने दम पर बनाएगी सरकार, रोहतक में कहा-CM को हरियाणा मिलन देखना चाहिए

रोहतक में पूर्व सीएम व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अकाली दल व भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि पंजाब में भाजपा-अकाली दल के गठबंधन बारे में पहले ही पता था, नया कुछ नहीं है। अब पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनेगी। क्योंकि भाजपा-अकाली दल की जमीन खिसक चुकी है। अब दोनों का कोई आधार नहीं है।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सीएम नायब सिंह सैनी को नसीहत देते हुए कहा कि सीएम को पंजाब में मिलन की चिंता नहीं करनी चाहिए, हरियाणा में मिलन देखना चाहिए। हरियाणा में जो हो रहा है, उस पर ध्यान देना चाहिए। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोडवेज की तरफ कोई ध्यान नहीं है।

पंजाब में कोई समझौता नहीं, दम पर बनेगी सरकार

भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि पंजाब में भाजपा तो पहले ही दूर है। हरियाणा में चोरी हुई सरकार है, ये लोगों ने नहीं बनाई। पंजाब में कांग्रेस खुद में मजबूत है और किसी के साथ गठबंधन नहीं होगा। आम आदमी पार्टी तो पहले ही इंडिया गठबंधन से अलग हो चुकी है। पंजाब में लोकसभा में मिली सीटों के आधार पर सरकार बनेगी।

आप व अकाली-भाजपा की सरकार हुई विफल

भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि पंजाब में लोगों ने आम आदमी पार्टी की सरकार देख ली है और अकाली व भाजपा गठबंधन की सरकार भी देखी है। लोग दोनों सरकारों से परेशान हो चुके हैं। पंजाब का केवल कांग्रेस पार्टी ने ही विकास किया है, इसलिए दोबारा कांग्रेस की सरकार बनेगी।

अग्निवीर के नाम युवाओं से किया मजाक

भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि अग्निवीर भर्ती को सरकार ने कई बार बदल लिया। सरकार रेगुलर भर्ती क्यों नहीं कर रही। क्यों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। हरियाणा में भर्तियां नहीं हो रही। हरियाणा से हर साल 5500 युवा आर्मी में भर्ती होते थे, लेकिन अब 700-800 ही रह गए।

भाजपा ने शिक्षातंत्र का बंटाधार किया

भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्राइमरी से लेकर उच्चतर शिक्षातंत्र का पूरे प्रदेश में बंटाधार कर दिया है। सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों में शिक्षकों के 50 प्रतिशत पद खाली है। गैर शिक्षकों के 47 प्रतिशत पद खाली है। 97 सहायता प्राप्त कॉलेजों में से 56 में प्रिंसिपल नहीं है। 723 प्राइमरी स्कूलों में एक-एक शिक्षक है।

गन्ने की कीमत 15 रुपए बढ़ाना किसानों का शोषण

भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि गन्ने की कीमत में मात्र 15 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ाना, किसानों की मेहनत के साथ भद्दा मजाक है। महंगाई आसमान छु रही है, चीनी के भाव ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। लेकिन गन्ने की कीमत में मामूली बढ़ोतरी करके किसानों का शोषण किया जा रहा है।