अमेरिका में करीब साढ़े 7 लाख सरकारी कर्मचारियों को छुट्टी (फरलो) पर भेज दिया गया है। इनमें से 3 लाख की छंटनी भी हो सकती है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प लगातार दूसरे दिन सरकार को फंड देने वाला बिल पास नहीं करा पाए हैं। इससे गैरजरूरी सरकारी कामकाज ठप हो गया है।
कृषि विभाग, श्रम विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, लायब्रेरी ऑफ कांग्रेस, सुप्रीम कोर्ट, फेडरल कोर्ट, अमेरिकी बॉटनिकल गार्डन, पर्यावरण संरक्षण एजेंसी और राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान जैसे कई संस्थाओं और विभागों के ऑफिस बंद हो गए हैं।
बुधवार को फंडिंग बिल पर दूसरी बार वोटिंग हुई। बिल के समर्थन में एक बार फिर से 55 और विरोध में 45 वोट पड़े। इसे पास कराने के लिए 60 वोटों की जरूरत थी।
इससे पहले मंगलवार को हुई वोटिंग में भी बिल पास नहीं हो पाया था, जिसके बाद अमेरिका में शटडाउन लागू हो गया।
बुधवार देर रात पहले डेमोक्रेट्स के फंडिंग बिल पर वोट डाले गए, जिसमें वे स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी मांगें शामिल करना चाहते थे।
इसके पक्ष में 46 और विरोध में 53 वोट पड़े। ये बिल भी पास नहीं हो पाया। सीनेट को अगले दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। अब शुक्रवार को बिल पर एक बार फिर वोटिंग होगी।