हरियाणा के 3 बार CM रहे चौधरी बंसीलाल की 3 पीढ़ी को 4 बार हराने का अनूठा रिकॉर्ड रखने वाले चौधरी धर्मबीर सिंह अब चुनाव नहीं लड़ेंगे।
वह भिवानी-महेंद्रगढ़ से लगातार तीसरी बार भाजपा के टिकट पर सांसद हैं। 25 नवंबर को उनकी उम्र 70 साल हो जाएगी।
धर्मबीर सिंह ने कहा कि अब सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने का समय आ रहा है। पहले जमाने में उम्र के पड़ाव को चार भागों में बांटा गया था।
उसी हिसाब से काम होता था। अब भी वही है। इसके हिसाब से अगले चुनाव तक उनकी उम्र काम करने की नहीं रहेगी।
नारनौल में शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि बहुत चुनाव लड़ लिए, अब आराम चाहता हूं। इसलिए अगला चुनाव नहीं लड़ना चाहता।
पहले लोग 100 साल तक जीते थे। इसलिए हमारे पूर्वजों ने उम्र चार पड़ाव में बांटी थी। 25, 50, 75 और 100। उसी अवस्था के हिसाब से उन्होंने काम भी बांट दिए थे।
25 में ये करोगे, 50 में यह और 75 में यह काम करोगे। मैं अगले महीने 70 साल का हो जाऊंगा, तो किसी अवस्था में तो रहने दोगे। मेरे ऊपर भी वहीं नियम लागू होने चाहिए, जो पूर्वजों ने लागू किए थे।