सीएम सैनी जनता को भ्रमित कर रहे
हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला उचाना हलके के बधाना, खटकड़, अलीपुरा और सुदकैन खुर्द गांवों में पहुंचे। उन्होंने यहां कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सीएम नायब सिंह सैनी, भाजपा नेताओं की आपसी बयानबाजी और कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा पर तीखा हमला बोला।
सरकार के सवा साल पूरे होने पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सरकार ने आढ़तियों के कमीशन में कटौती की है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार पहचान पत्र में गलतियों के कारण हजारों बुजुर्गों की पेंशन रोक दी गई है।
चौटाला ने यह भी कहा कि लाडली लक्ष्मी योजना के तहत एक हजार रुपए कम दिए जा रहे हैं, और सरकार एफडी करवाने की बात कह रही है। उन्होंने दावा किया कि इससे साफ दिखता है कि सरकार दिवालिया हो चुकी है।
वित्त मंत्री के तौर पर सरकार के खजाने की स्थिति भी देखनी चाहिए
पूर्व डिप्टी सीएम ने सीएम सैनी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे बजट सुझावों के लिए अलग-अलग जिलों का दौरा कर रहे हैं, लेकिन उन्हें वित्त मंत्री के तौर पर सरकार के खजाने की स्थिति भी देखनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सीएम सैनी जनता को भ्रमित कर रहे हैं और किसानों को फसल खराब होने का पूरा मुआवजा नहीं मिला है।
उन्होंने भावांतर भरपाई योजना और फसल खरीद में भी ढिलाई बरतने का आरोप लगाया। चौटाला ने यह भी कहा कि आज कोई नई गाड़ी भी ले तो उसको भी फिरौती की कॉल आती है।
अहरीवाल में भाजपा नेताओं के बीच चल रही बयानबाजी पर चुटकी लेते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि यह तो अभी शुरुआत है। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस में भी ऐसी ही शुरुआत हुई थी, जिसके परिणामस्वरूप आज कांग्रेस की स्थिति सबके सामने है। चौटाला ने दावा किया कि भाजपा में भी इसकी शुरुआत हो चुकी है और पार्टी का भविष्य उसी राह पर है जिस पर कांग्रेस चली थी।
आंकड़ों में क्राइम बहुत बढ़ा
सीएम सैनी और भाजपा के मंत्रियों द्वारा बदमाश बदमाशी छोड़ दे या हरियाणा छोड़ के बयान पर पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि बयान देने से क्या कानून व्यवस्था सुधरी है। सीएम सैनी का वो बयान आज भी याद करता हूं कि जब बहादुरगढ़ में मुख्यमंत्री की शपथ लेने के बाद पहले भाषण में कहा था कि गुंडे हरियाणा छोड़ दे।
आज का दिन है आंकड़ों में क्राइम बहुत बढ़ा है। आज कोई नई गाड़ी खरीद ले तो उसको भी फिरौती की धमकी आती है, इस तरह के हालात तो हरियाणा के कभी नहीं सुने थे। ऐसे में तो लोग नई गाड़ी लेना छोड़ देंगे। कानून व्यवस्था कंट्रोल करने में मुख्यमंत्री पूरी तरह विफल है।
कांग्रेस में आते ही सद्भावना याद आ गई
कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह द्वारा निकाली जा रही सद्भाव यात्रा पर बोलते हुए पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि मेरे को ये बताए कि सद्भाव किस चीज का। जाट आंदोलन में उनके पिता (बीरेंद्र सिंह) प्रदेश से राज्यसभा सांसद थे केंद्र में मंत्री थे। प्रदेश में कानून व्यवस्था के अंदर 52 लोगों की जान गई जब सद्भावना याद नहीं आई। किसान आंदोलन के दौरान हांसी के अंदर निकाली गई ट्रैक्टर यात्रा हर किसी ने देखी है।
उन्होंने कहा कि संसद में जाकर वोट तीनों कृषि कानूनों के पक्ष में दिए तब उन्हें याद नहीं आई सदभावना। भाजपा में बैठकर 10 साल अच्छे-अच्छे पदों पर रहे कांग्रेस में आते ही सद्भावना याद आ गई। सद्भावना किसके प्रति जिस प्रदेश बांटना, जातिगत तौर पर इस प्रदेश को तोड़ना इस चीज की सद्भावना हरियाणा नहीं चाहता। हरियाणा आज प्रगति चाहता है प्रगति के लिए लड़ाई लड़नी पडेगी।
