• MLA काट रहे अवैध कॉलोनियां, विनेश का समर्थन

सोनीपत नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है और सभी प्रमुख दल अपनी-अपनी ताकत झोंक रहे हैं। कांग्रेस भी चुनावी मैदान में पूरी सक्रियता के साथ उतर चुकी है। जाट बहुल क्षेत्रों में विशेष फोकस के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा लगातार जनसभाएं कर रहे हैं और पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश में जुटे हैं।

सेक्टर-23 में आयोजित जनसभा में हुड्डा ने मेयर कमल दीवान और पार्षदों के लिए वोट की अपील की और चुनाव में कांग्रेस जीत का बड़ा दावा करते हुए बीजेपी सरकार और उसकी नीतियों पर तीखा हमला बोला। इस दौरान उन्होंने न केवल स्थानीय मुद्दों को उठाया, बल्कि राष्ट्रीय और खेल जगत से जुड़े संवेदनशील मामलों को भी अपने संबोधन में शामिल किया, जिससे चुनावी बहस और तेज हो गई है।

मेयर पद पर कांग्रेस का बड़ा दावा

जनसभा को संबोधित करते हुए दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने दावा किया कि सोनीपत में कांग्रेस पार्टी मजबूती से उभर रही है और मेयर पद पर कमल दीवान की जीत तय है। उन्होंने कहा कि सभी वार्डों में भी कांग्रेस के पार्षद विजयी होंगे, क्योंकि जनता बदलाव के मूड में है।

बीजेपी के ‘अहंकार’ को झटका देने की बात

हुड्डा ने कहा कि जनता ने मन बना लिया है कि इस बार बीजेपी के अहंकार को करारा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कमल दीवान को मजबूत उम्मीदवार बताते हुए कहा कि कांग्रेस इस बार बीजेपी को बड़ा झटका देने जा रही है। कांग्रेस सांसद ने बीजेपी के ‘ट्रिपल इंजन’ मॉडल पर हमला बोलते हुए कहा कि यह विकास के लिए नहीं बल्कि भ्रष्टाचार और लूट के लिए तैयार किया सिस्टम है।

एक इंजन लूट करता है, तो दूसरा उसे संरक्षण देता है, जिससे घोटालों को बढ़ावा मिलता है।

चुनाव आयोग और भाजपा की मिलीभगत

हुड्डा ने फरीदाबाद और पंचकूला नगर निगम का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां बड़े घोटाले हुए, लेकिन कोई जांच तक नहीं करवाई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने नगर निगमों को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है। ममता बनर्जी और पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों पर बोलते हुए हुड्डा ने कहा कि चुनाव आयोग और बीजेपी की मिलीभगत से परिणाम प्रभावित किए गए।

उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए खतरा बताते हुए कहा कि इस मुद्दे पर सड़क से संसद तक लड़ाई लड़ी जाएगी।

विनेश फोगाट का किया समर्थन

जुलाना विधायक विनेश फोगाट के आरोपों को लेकर हुड्डा ने कहा कि महिला पहलवानों के साथ जो हुआ, वह बेहद गंभीर और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि आरोपी बृजभूषण शरण सिंह के क्षेत्र में ही ट्रायल कराना सरकार की मंशा पर सवाल खड़ा करता है।

हुड्डा ने कहा कि विनेश फोगाट ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है, ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल दिया जाए, ताकि वे बेहतर प्रदर्शन कर सके।

बीजेपी उम्मीदवार पर भ्रष्टाचार के आरोप

हुड्डा ने बीजेपी के मेयर उम्मीदवार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनका नाम कई बार भ्रष्टाचार के मामलों में सामने आ चुका है। उन्होंने खजूर घोटाले समेत अन्य मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे उम्मीदवारों को जनता पहले ही नकार चुकी है।

उन्होंने कहा कि प्रॉपर्टी आईडी, एनओसी, सफाई ठेकों समेत हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार फैला हुआ है। नगर निगम का ऐसा कोई विभाग नहीं बचा जहां घोटाले न हो रहे हों।

बीजेपी पर ‘घोटालों की राजनीति’ का आरोप

हुड्डा ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने नगर निगमों को घोटालों का केंद्र बना दिया है और पार्षद से लेकर मंत्री तक भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी के पार्षद खुद ठेकेदार की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बीजेपी विधायकों पर आरोप लगाया कि वे अवैध कॉलोनियों और प्लॉटिंग को बढ़ावा दे रहे हैं। जिससे आम जनता परेशान हो रही है और शहर की व्यवस्था बिगड़ रही है।

सोनीपत की दुर्दशा पर सवाल

हुड्डा ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में बीजेपी सरकार सोनीपत की हालत सुधारने में पूरी तरह विफल रही है। विकास के नाम पर केवल दावे किए गए, जमीन पर कोई ठोस काम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव कांग्रेस के लिए नई शुरुआत है और पार्टी दोबारा अपनी मजबूत नींव रखने जा रही है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे कांग्रेस को मौका दें, ताकि व्यवस्था में सुधार हो सके।

हर वोट को लेकर अपील

जनसभा के अंत में हुड्डा ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि एक-एक वोट कांग्रेस के पक्ष में डाला जाए। उन्होंने यहां तक कहा कि जो मतदाता शहर से बाहर हैं, उन्हें भी बुलाकर मतदान करवाया जाए, ताकि कांग्रेस की जीत सुनिश्चित हो सके।

इस दौरान सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, विधायक अशोक अरोड़ा, मेयर प्रत्याशी कमल दीवान, विधायक इंदु राज, विधायक रामकरण काला, चंद्र प्रकाश, पहलवान विकी, पूर्व विधायक के सुरेंद्र पवार, जगबीर मलिक, पदम सिंह दहिया, सुखबीर फरमाना और जयवीर वाल्मीकि समेत अन्य लोग शामिल रहे।