वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं सिरसा सांसद कुमारी सैलजा सोमवार को भिवानी पहुंची। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर निशाना साधा। नीट परीक्षा लीक होने को लेकर केंद्र सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि भाजपा के जिम्मेवार नेता हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं तथा पेपर लीक की जिम्मेवारी नहीं ले रहे। निचले स्तर के कुछ लोगों पर कार्रवाई करके मुद्दे पर पर्दा डाला जा रहा है।
उन्होंने हरियाणा में एचपीएससी की नौकरियों में चयनकर्ताओं पर सवाल करते हुए कहा कि हरियाणा प्रदेश के युवाओं, हरियाणा प्रदेश के शिक्षण संस्थाओं को हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन से जुड़े लोग निकम्मा व नालायक बताकर प्रदेश से बाहर के लोगों को नौकरी देने का काम कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा ने कहा कि देश भर में ईंधन की कीमतें बढ़ रही है तथा उपभोक्ताओं को कम खर्च के लिए बोला जा रहा है। भाजपा से जुड़े नेता व मंत्री वैकल्पिक वाहनों का प्रयोग करने का दिखावा कर रहे हैं।
इसी प्रकार का दिखावा भाजपा नेताओं ने सफाई अभियान के दौरान भी किया था। जबकि आमजन को राहत देने के लिए कोई कार्य नहीं किया जा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि क्रूड ऑयल खरीदने का निर्णय अमेरिका से पूछकर नहीं किया जाना चाहिए। देश का कंट्रोल सरकार को अपने हाथ में लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि, देश के लिए कहां से पेट्रोल खरीदना है, कितना खरीदना है। इसका फैसला हमारा अपना होना चाहिए, तभी देश सुढृढ़ हो सकेगा। उन्होंने अमेरिका का नाम लेते हुए कहा कि भारत, अमेरिका के आगे झुककर तेल खरीद के फैसले ले रहा है। जिसके चलते ऐसी क्राइसिस आई है। भारत कहां से क्या खरीदेगा, इसका फैसला अमेरिका कर रहा है।
सद्भावना यात्रा पर बोली सैलजा
भारत के चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया के बेरोजगार युवाओं को कॉकरोच कहने संबंधी ब्यान पर कुमारी सैलजा ने कहा कि हम सीजेआई की बात पर टिप्पणी नहीं कर सकते। वहीं उन्होंने कहा कि कांग्रेस मजबूती से संगठन को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है।
संगठन की विभिन्न इकाईयों का गठन किया जा रहा है तथा वर्तमान सरकार की खामियों को जनता के सामने कांग्रेस गिनवाने का काम कर रही है। कांग्रेस प्रदेशभर में पेट्रोल के बढ़े हुए दामों के चलते प्रदर्शन भी करने जा रही है। कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह की सद्भावना यात्रा पर उन्होंने गोलमोल जवाब देते हुए कहा कि लोगों के बीच जाना असली राजनीति है। जनता के बीच जाकर बात पार्टी की की जा रही है। इसमें राहुल गांधी ने भी हिस्सा लिया है।
