• रेडियोलॉजी में गोल्ड मेडलिस्ट रह चुकीं

हरियाणा में भाजपा ने नया प्रदेशाध्यक्ष घोषित कर दिया है। डॉ. अर्चना गुप्ता को ये जिम्मेदारी दी गई है। 43 साल बाद कोई महिला हरियाणा BJP की अध्यक्ष बनी हैं। इससे पहले मोहनलाल बड़ौली प्रदेशाध्यक्ष थे।

अर्चना गुप्ता फिलहाल हरियाणा प्रदेश महामंत्री के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वह पेशे से एक गोल्ड-मेडलिस्ट रेडियोलॉजिस्ट (MBBS, MD) हैं और राजनीति में आने से पहले विश्व हिंदू परिषद की ‘इंडियन हेल्थ लाइन’ में सक्रिय थीं।

सोनीपत के मोहनलाल बडौली को हटाने की चर्चाएं लंबे समय से चल रही थी। जब मोहनलाल बडौली प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए, वो भी प्रदेश महामंत्री थे। मोहनलाल बडौली 9 जुलाई 2024 को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

पेशे से डॉक्टर, 6 साल में मिली तरक्की

अर्चना गुप्ता पेशे से डॉक्टर हैं। पानीपत में इनका अस्पताल है। विश्व हिंदू परिषद में रहीं। उसके बाद भाजपा महिला मोर्चा में एंट्री हुई। साल 2020 में इनकी पहली सियासी तरक्की हुई, जब ये पानीपत भाजपा की जिलाध्यक्ष बनीं। उनके बाद 2023 में सीधे तरक्की पाकर प्रदेश महामंत्री बनीं। पानीपत से विधानसभा में टिकट की दावेदार थीं।

अब जानिए डा. अर्चना गुप्ता के बारे में…

पानीपत की पहली महिला जिलाध्यक्ष: डॉ. अर्चना गुप्ता अगस्त 2020 में पानीपत भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष से पानीपत भाजपा जिलाध्यक्ष बनीं। पानीपत में जिलाध्यक्ष बनने वाली वह पहली महिला कार्यकर्ता थीं।

संगठनात्मक कार्य: वह लगातार पार्टी बैठकों, प्रशिक्षण वर्गों और राज्य के महत्वपूर्ण राजनीतिक आयोजनों, जैसे राज्यसभा नामांकन और संगठनात्मक बैठकों में पार्टी का नेतृत्व करती आ रही हैं। इसके बाद संगठन में उनके उत्कृष्ट कार्य और सक्रियता को देखते हुए उन्हें हरियाणा प्रदेश भाजपा का महामंत्री नियुक्त किया गया।

व्यक्तिगत और सामाजिक जीवन: एक चिकित्सक होने के नाते उन्होंने कोरोना काल में लोगों की काफी मदद की थी। इसके अलावा, वह सामाजिक कार्यों, धार्मिक आयोजनों और जन-कल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में सक्रिय रहती हैं।