- नेताओं को मंच की गरीमा बनाए रखने की दी नसीहत
फरीदाबाद में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में फरीदाबाद विकास और कनेक्टिविटी का बड़ा केंद्र बन चुका है, लेकिन विपक्ष को यह विकास रास नहीं आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
कांग्रेस के समय अंधेरे में डूबे रहते थे हाईवें
कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि करीब 12 साल पहले कांग्रेस शासन के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग तक अंधेरे में डूबे रहते थे, जबकि आज राजमार्गों से लेकर गांवों को जोड़ने वाली सड़कों तक बेहतर रोशनी की व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद आज देश के प्रमुख संपर्क केंद्रों में शामिल हो चुका है और यहां से सड़क मार्ग के जरिए देश के विभिन्न हिस्सों तक आसानी से पहुंचा जा सकता है।
फरीदाबाद कनेक्टिविटी का बड़ा केंद्र
उन्होंने कहा कि फरीदाबाद से जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक सीधा संपर्क मार्ग उपलब्ध है। साथ ही लोग दिल्ली-मुंबई -एक्सप्रेसवें जरिए देश के कई प्रमुख मार्गों से जुड़ सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2014 से पहले फरीदाबाद की सड़कों की स्थिति काफी खराब थी और कांग्रेस दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग के विकास कार्यों को भी प्रभावी ढंग से पूरा नहीं कर सकी थी।
नेताओं को रखनी चाहिए मंच की गरिमा
वहीं, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता के सम्मान समारोह में पृथला के पूर्व विधायक और भाजपा नेता टेकचंद शर्मा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि नेताओं को मंच की गरिमा बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को यह समझना चाहिए कि किस मंच पर क्या बोलना उचित है।
उन्होंने कहा कि भाजपा एक मजबूत और अनुशासित संगठन है, जहां किसी प्रकार की कोई फूट नहीं है और चुनाव में हार-जीत लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है।
कांग्रेस के लोग अपने गिरेबान में झांके
कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि जो लोग विकास कार्यों पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें पहले अपने कार्यकाल का मूल्यांकन करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने फरीदाबाद में आधारभूत ढांचे, सड़क नेटवर्क और जनसुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए हैं।
