• शहर के विकास को लेकर चर्चा, नागरिक सुविधाओं की रूपरेखा साझा की

गुरुग्राम से विधायक मुकेश शर्मा ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस उच्च स्तरीय बैठक के दौरान विधायक मुकेश शर्मा ने शहर के समग्र विकास, जनहित के कार्यों और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों से केंद्रीय गृह मंत्री को विस्तार से अवगत कराया। दोनों नेताओं के बीच क्षेत्र की प्रगति को लेकर काफी लंबी और सकारात्मक चर्चा हुई।

बैठक के दौरान विधायक मुकेश शर्मा ने गुरुग्राम की वर्तमान विकासात्मक आवश्यकताओं को केंद्रीय गृह मंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने शहर के सर्वांगीण विकास को गति देने, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और आम जनता को मिलने वाली नागरिक सुविधाओं में सुधार करने जैसे विषयों पर एक विस्तृत रूपरेखा साझा की।

विधायक ने बताया कि गुरुग्राम न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश का एक प्रमुख आर्थिक और औद्योगिक केंद्र है, इसलिए यहां की बुनियादी जरूरतों और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देना बेहद आवश्यक है। अमित शाह ने सभी विषयों को बेहद गंभीरता से सुना और क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

जनप्रतिनिधि के लिए प्रेरणास्रोत

केंद्रीय गृह मंत्री से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह जी का दूरदर्शी नेतृत्व, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित कार्यशैली देश के प्रत्येक जनप्रतिनिधि के लिए एक महान प्रेरणास्रोत है। उनके मार्गदर्शन में काम करना और क्षेत्र की समस्याओं को उनके सामने रखना हमेशा ऊर्जा प्रदान करता है।

विकास और जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता

विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि शहर का तीव्र विकास और यहां के लोगों के हितों की रक्षा करना उनकी राजनीति और जनसेवा की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमारा एकमात्र उद्देश्य नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना और उन्हें विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में केंद्र सरकार और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के ऊर्जावान नेतृत्व में प्रदेश सरकार निरंतर जन कल्याण के कार्यों में जुटी हुई है। डबल इंजन की सरकार के प्रयासों से गुरुग्राम में चल रहे विकास कार्यों को और अधिक गति प्रदान करने के लिए लगातार धरातल पर प्रयास किए जा रहे हैं।