• देवेंद्र पांचाल बोले- 70 साल में समाज को नहीं मिला हक, BJP ने दिया सम्मान

हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव लेबर एंड कंस्ट्रक्शन फेडरेशन लिमिटेड (लेबरफेड) के चेयरमैन देवेंद्र पांचाल बुधवार को करनाल जिले के घरौंडा के गांव डिंगर माजरा पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व की सरकारों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जहां छोटे से छोटे कार्यकर्ता को भी बड़े पद पर सेवा करने का अवसर मिलता है।

इसी का परिणाम है कि आज पांचाल विश्वकर्मा समाज को हरियाणा में लेबरफेड का चेयरमैन मिला है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में काम या तो पैसे के दम पर होता था या फिर किसी बड़े सर्कल से जुड़ाव जरूरी होता था। पांचाल ने आरोप लगाया कि पिछले 70 वर्षों में किसी भी पार्टी ने पांचाल समाज को वास्तविक लाभ नहीं दिया, केवल दिखावटी वादे किए गए।

उन्होंने कहा कि कुछ लोग कांग्रेस द्वारा एक महिला को चेयरमैन बनाए जाने की बात करते हैं, लेकिन वह केवल तीन महीने के लिए और वह भी सरकार के अंतिम समय में किया गया निर्णय था। इसके विपरीत भाजपा सरकार ने उन्हें साढ़े तीन साल पहले ही चेयरमैन बनाकर समाज को सम्मान दिया।

ओबीसी वर्ग को मिला संवैधानिक अधिकार

देवेंद्र पांचाल ने कहा कि वर्ष 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देने का प्रयास किया था, लेकिन उस समय पूर्ण बहुमत न होने के कारण यह संभव नहीं हो सका। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रस्ताव का सबसे पहले कांग्रेस ने विरोध किया था। वर्ष 2019 में पूर्ण बहुमत मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पहले ही निर्णय में ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा दे दिया।

उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार की कैबिनेट में 43 मंत्रियों में से 27 मंत्री ओबीसी वर्ग से हैं, जो इस वर्ग को दिए गए सम्मान को दर्शाता है।

समाज ने रखीं कई मांगें, आश्वासन दिया

कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों ने चेयरमैन के समक्ष कई मांगें रखीं। इनमें प्रमुख रूप से सभी सरकारी विभागों में पिछड़ा वर्ग के कर्मचारियों को प्रमोशन में आरक्षण देने, रोस्टर प्रणाली लागू करने, कौशल आधारित भर्तियों में 27 प्रतिशत आरक्षण देने, बैकलॉग पदों को भरने और क्लास-1 व क्लास-2 पदों में 16+11 प्रतिशत यानी कुल 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग शामिल रही।

इन मांगों पर प्रतिक्रिया देते हुए चेयरमैन ने कहा कि समाज की ओर से रखी गई मांगों पर काम चल रहा है और सरकार उन्हें पूरा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी समाज के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी।

9700 सोसाइटियों को मजबूत करने का लक्ष्य

देवेंद्र पांचाल ने बताया कि हरियाणा में लगभग 9700 लेबर सोसाइटियां रजिस्टर्ड हैं। उनका उद्देश्य है कि इन सभी सोसाइटियों को पर्याप्त काम मिले और उन्हें किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार का विजन है कि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ा जाए और स्किल डेवलपमेंट के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाए।