- चीनी के बढ़ते दामों पर अभय-चौटाला का BJP पर तंज
हरियाणा में चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने चीनी के दाम बढ़ने को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कैबिनेट मंत्री की ओर से इसे बाजार का मामला बताए जाने पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा नेताओं को महंगाई से कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि उनके घरों में चीनी की बोरियां पहुंच जाती हैं।
अभय चौटाला ने कहा कि महंगाई की वास्तविक मार आम जनता पर पड़ रही है। रोजमर्रा की जरूरतों का सामान महंगा होने से लोगों के सामने परेशानी बढ़ रही है। कार्यक्रम के दौरान कई युवाओं ने इनेलो की सदस्यता भी ग्रहण की।
हुड्डा के नोटिस पर किया पलटवार
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की ओर से मानहानि का नोटिस भेजने के बयान पर अभय चौटाला ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, “एक बार आने तो दो नोटिस, फेर देखूंगा हुड्डा को।” अभय के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।
कानून व्यवस्था और किसानों का मुद्दा उठाया
अभय चौटाला ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने इसे पूरी तरह ठप बताते हुए किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आगामी धान सीजन में जब किसान अपनी फसल लेकर मंडियों में पहुंचेगा तो सरकार की ओर से किसानों को परेशान करने की कोशिश की जा सकती है।
अभय ने कहा कि इनेलो किसानों के हितों के लिए मजबूती से आवाज उठाएगी और किसी भी तरह की परेशानी में किसानों के साथ खड़ी रहेगी।
27 अगस्त की रैली को लेकर बड़ा दावा
इनेलो नेता ने 27 अगस्त को चौधरी देवीलाल की जयंती के अवसर पर होने वाली रैली का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि रैली रिकॉर्ड तोड़ होगी और इसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे। कार्यक्रम के दौरान पार्टी में शामिल हुए युवाओं का स्वागत भी किया गया।
