- करनाल में पूर्व डिप्टी-सीएम ने सरकार पर साधा निशाना
करनाल पहुंचे हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर सरकार पर निशाना साधा है।
उन्होंने कथित पैलेट गन पीड़ित साहिल लोहचब के साथ संसद मार्ग थाने में एफआईआर दर्ज करवाने पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मामले पर कहा कि चोट लगने और आंख जाने के बाद न्याय मांगने वाले व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने हिसार की घटना को लेकर भी कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि साहिल लोहचब के साथ राजनीतिक व्यक्ति जाए या नहीं, पुलिस का कर्तव्य है कि उसकी एफआईआर दर्ज करे।
उन्होंने कहा कि यदि साहिल की कोई गलती थी तो उसके खिलाफ भी एफआईआर की जा सकती है, लेकिन जो नुकसान हुआ और आंख की रोशनी चली गई, उसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि उसके साथ बिना गलती के दुर्व्यवहार हुआ है।
सफाई कर्मचारियों से तुरंत बातचीत करे सरकार : दुष्यंत
प्रदेश में पिछले दो सप्ताह से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर दुष्यंत चौटाला ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पूरे हरियाणा में सफाई कर्मचारी धरने पर बैठे हैं। उन्होंने करनाल का उदाहरण देते हुए कहा कि जिसे सीएम सिटी कहा जाता था, वहां पिछले 12 साल से कचरे के ढेर लगे हैं और ऐसा कोई कोना नहीं है जहां कचरा दिखाई न देता हो।
दुष्यंत ने कहा कि मुख्यमंत्री सफाई कर्मचारियों को बातचीत के लिए क्यों नहीं बुला रहे। कर्मचारी हर तीन दिन बाद हड़ताल आगे बढ़ा रहे हैं, क्योंकि मुख्यमंत्री उनसे वार्ता नहीं कर रहे। उन्होंने कहा कि सरकार को तुरंत कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी मांगें माननी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार हरियाणा को दुनिया के सामने स्वच्छ भारत मॉडल के रूप में कैसे दिखाना चाहती है।
राजस्थान सीजेपी कार्यकर्ताओं पर योजनाबद्ध हमला
राजस्थान में सीजेपी कार्यकर्ताओं पर हुए हमले को लेकर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उन्होंने घटना का वीडियो देखा है। हमलावर जिस तरह पहुंचे, उससे साफ लगता है कि यह योजनाबद्ध हमला था। हमला किसने किया, इसकी जांच करना पुलिस का काम है।
हरियाणा की कानून व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि दादरी में एक घटना में छह लोग गाड़ी में थे, जिसमें एक की जान चली गई। वहीं हिसार में सरेआम गोलियां चलाकर हत्या की गई। उन्होंने कहा कि आज कोर्ट परिसर बदमाशों के लिए गोली मारने का सबसे सुरक्षित अड्डा बन चुका है।
