• कैथल कांग्रेस बैठक में आरोप-प्रत्यारोपों पर विधायक, जिलाध्यक्ष की प्रतिक्रिया

कैथल में कांग्रेस की जिला स्तरीय संवाद बैठक में विधायकों और नेताओं पर लगे आरोप प्रत्यारोपों के बाद अब कैथल विधायक और जिलाध्यक्ष ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि बैठक कांग्रेस के विस्तार और आगामी चुनाव की रूपरेखा के दृष्टिगत की गई थी। जिनकी जो कमियां अब तक सामने आ रही थी, वे उनके सामने रखी गई, ताकि 2029 के चुनाव से पहले पक्की जीत की तैयारी पूरी हो सके। वहीं ब्लॉक स्तर पर पार्टी पदाधिकारियों का नेतृत्व मजबूत करने पर भी बैठक में चर्चा हुई।

प्रदर्शन में शामिल नहीं होने का मामला

बता दें कि बैठक में कलायत हलके के बारे में बोलते हुए आदित्य सुरजेवाला ने कहा था कि कुछ लोग कांग्रेस का बेड़ा गर्क करने में लगे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ हल्द्वानी में बदसलूकी के विरोध में हुए प्रदर्शन में कलायत के कुछ साथी शामिल नहीं हुए। इस पर विधायक ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं की कमी बताई गई, ताकि पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कमियों को दूर किया जा सके।

हाईकमान को भेजी सूची

प्रदेश प्रभारी संजय दत्त व प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने एक निजी पैलेस में कार्यकर्ताओं से बैठक की। बैठक में पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी सुल्तान जाड़ौला ने जिला अध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर पर ब्लॉक प्रधानों की सूची जारी नहीं करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि कार्यकर्ताओं के नाम मांगे गए थे, लेकिन सूची अब तक जारी नहीं हुई। इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि इसकी सूची तैयार कर हाईकमान को भेजी जा चुकी है। अब पार्टी का शीर्ष नेतृत्व सूची में शामिल लोगों के कार्यों को देखेगा। उसके आधार पर ब्लॉक प्रधान की घोषण की जाएगी। गुहला विधायक देवेंद्र हंस पर कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए पार्टी की बैठकों में नहीं बुलाने व चुनाव हार चुके नेता को दोबारा टिकट नहीं देने की बात पर विधायक ने कहा कि पार्टी को ऐसा लगता है तो उनकी टिकट काट दे।

कैथल में नहीं करते हस्तक्षेप

दूसरी ओर आदित्य के आरोप पर विधायक विकास सहारन ने कहा कि वे अनुशासन में रहकर काम करते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ बड़े राजनीतिक घराने ऐसे हैं, जिनकी तीसरी पीढ़ी राजनीति में है और वे दूसरों को कांग्रेस का मतलब समझाते हैं। जब वे कैथल में हस्तक्षेप नहीं करते तो दूसरे भी कलायत में हस्तक्षेप न करें। उन्होंने कहा कि आज दो प्रकार की कांग्रेस खड़ी हो गई है। एक कांग्रेस जमीन पर है और दूसरी हवा में है।