• सुरजेवाला ने चीनी दाम बढ़ोतरी पर सरकार को घेरा

कैथल में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने चीनी की दाम बढ़ोतरी, बेरोजगारी और सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के मुद्दे को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि अगर चीनी की बजाय गन्ने से तेल बनाएंगे तो इसके बदले क्या खाएंगे। पहले भारत अन्य देशों को चीनी बेचता था, लेकिन अब बेचने की बजाय खरीद की जा रही है।

उन्होंने कहा कि चीनी देश में अब कड़वी हो गई है। महंगाई ने गरीब के बजट को खराब कर दिया है। सरसों का तेल, आटा, बिस्कुट, नूडल सबकी कीमतें बढ़ गईं। ऐसे में साधारण व्यक्ति क्या करे। सरकार लोगों की जिंदगी और चीनी को कड़वी करना बंद करे। पंजाबी समाज को लेकर सुरजेवाला ने कहा कि मेरी मां पाकिस्तान से आई थी और मैं भी 50 प्रतिशत वहीं से हूं। वे पंजाबी समाज को कहते हैं कि वे भी वहीं से आए और आप भी वहीं से हैं।

सीएम को बताया टूरिस्ट मुख्यमंत्री

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा के बयान पर पलटवार में उन्होंने कहा कि जनता को बरगलाकर बयानबाजी से कीमत कम होती तो हम भी ऐसा ही करते। सीएम पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि नायब सैनी तो टूरिस्ट सीएम हैं, जो कभी कभी हरियाणा आते हैं।

गुर्जर धर्मशाला में समाज सम्मान समारोह में पहुंचे

सुरजेवाला कैथल की गुर्जर धर्मशाला में समाज सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। कार्यक्रम में कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे। रणदीप सुरजेवाला ने जेन-जी पर बोलते हुए कहा कि युवाओं के पास हुनर और काबिलियत है, लेकिन मौका नहीं है।

युवाओं के रोजगार मौके बंद कर दिए

सरकारों ने युवाओं के मौके बंद कर दिए और महंगी शिक्षा के जंजाल में धकेल दिया है। इसमें अभिभावक भी फंस गए हैं। पढ़ लिख कर भी रोजगार नहीं है। नीति आयोग की रिपोर्ट कह रही है कि आज नौ करोड़ बेरोजगार देश में हैं। असल में संख्या 20 से 25 करोड़ है।

हरियाणा में कूड़े के ढेर लगे हुए

प्रदेश में बिजली व पानी की व्यवस्था करना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन सरकार ने कभी इस बारे में नहीं सोचा। अब लोगों को मिलकर सरकारों को मजबूर करना पड़ेगा कि इस बारे में सोचें।

साफ- सफाई पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा में कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। अगर सरकार सफाई कर्मचारियों को पूरा वेतन नहीं दे सकती तो उसे कुर्सी पर बने रहने का कोई हक नहीं है। सफाई कर्मचारियों को पूरा वेतन दिया जाए और उनको पक्का किया जाए, नहीं तो शहरों में महामारी फैल जाएगी।