• महेंद्रगढ़ में भाजपा सरकार पर बरसे अभय चौटाला

इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने महेंद्रगढ़ का दौरा किया। उन्होंने यहां यादव धर्मशाला में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उन्हें 27 सितंबर को नूंह में आयोजित होने वाले चौधरी देवीलाल के जन्मदिवस ‘सम्मान दिवस’ समारोह के लिए आमंत्रित किया। बैठक से पहले, चौटाला ने जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक के आवास पर पत्रकारों से भी बातचीत की।

चौटाला ने पत्रकारों को बताया कि 27 सितंबर को चौधरी देवीलाल के जन्मदिन के उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2 अगस्त से अब तक 57 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया जा चुका है।

कमजोर माने जाने वाले इलाकों में भी INLD के प्रति उत्साह

उन्होंने दावा किया कि लोगों में भारी उत्साह है, खासकर उन इलाकों में जिन्हें पहले कमजोर माना जाता था। चौटाला ने आरोप लगाया कि पिछले 2 वर्षों में बनी भाजपा सरकार के गठन के पीछे भूपेंद्र हुड्डा और उनकी पार्टी का हाथ था। उन्होंने कहा कि हुड्डा ने एक बड़े षड्यंत्र के तहत अंदरूनी तौर पर भाजपा की मदद की, जिससे तीसरी बार सरकार बनी।

चौटाला ने सरकार पर आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद उसने ऐसे फैसले लिए जिनसे लोग परेशान हुए। उन्होंने बुढ़ापा पेंशन के फैसले पर विशेष रोष व्यक्त किया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब आयकर में 10 लाख रुपए तक की छूट है, तो बुढ़ापा पेंशन के लिए 1 लाख 80 हजार रुपए की आय की शर्त क्यों लगाई गई। उन्होंने यह भी कहा कि अगर सांसदों और विधायकों को लाखों रुपए पेंशन मिल सकती है, तो बुजुर्गों को पेंशन देने में क्या दिक्कत है।

उन्होंने सरकार पर जानबूझकर बुजुर्गों की पेंशन काटने का आरोप लगाया, जिससे बुजुर्ग नाराज हुए। चौटाला ने मंडियों में फसल खरीद के लिए बायोमेट्रिक और अंगूठे लगवाने जैसी नई शर्तों पर भी आपत्ति जताई। जिससे किसान परेशान हुआ और नाराज भी। अब महंगाई बढ़ी है, भ्रष्टाचार बढ़ा है, कानून व्यवस्था खत्म हो गई है।

भाजपा सरकार से बढ़ रही लोगों की नाराजगी

चौटाला ने कहा कि बहुत सारी ऐसी चीज हुई है जिससे भाजपा सरकार के प्रति लोगों की नाराजगी बढ़ती जा रही है। अब लोगों का विश्वास केवल और केवल इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी पर है। जिस पार्टी ने उनकी लड़ाई लड़ी हमने उनकी लड़ाई लड़ी और इनका न्याय करवाया और सरकार को मजबूर किया। यह एक बड़ा कारण है हमारी पार्टी के प्रति लोगों का फिर से झुकाव व विश्वास करना है।

अभय चौटाला ने कहा कि सफाई कर्मियों की हड़ताल के बारे में उन्होंने कहा कि,आज सेशन है हमारे दो विधायक विधानसभा में बड़े जोरदार तरीके से इनकी बात उठाएंगे। कर्मचारियों की मांगे बिल्कुल जायज है उनकी मांगों को मनाना चाहिए हर आदमी को उनकी सपोर्ट करनी चाहिए। सरकार को तुरंत उनकी मांगों को स्वीकार किया जाए। इनको सारी सुख सुविधा मिले जो एक आम कर्मचारियों को मिलती है।

प्रदेश में कानून व्यवस्था खत्म, कोई सुरक्षित नहीं

कानून व्यवस्था पर उन्होंने कहा भाजपा सरकार ने कानून व्यवस्था खत्म कर दी आज प्रदेश में कोई भी सुरक्षित नहीं है। वहीं खिलाड़ियों की सुविधा के बारे में उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के लिए कोई सुविधा नहीं है। जुलाना के खेल स्टेडियम में कंडोम मिले है सरकार कहां है। सरकार का खिलाड़ियों पर ध्यान नहीं है सबसे ज्यादा मेडल हरियाणा से आते हैं और सबसे ज्यादा दिक्कत हरियाणा के खिलाड़ियों को होती है।

गुरुग्राम के बारे में उन्होंने कहा कि गुरुग्राम पहले गांव था। गुरुग्राम मिलेनियम सिटी चौधरी ओम प्रकाश चौटाला के समय में थी। भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समय में उन्होंने कितने सेक्टर काटे कितनी बंदर बांट की, उसके बाद बीजेपी सरकार ने तो कोई कमी नहीं छोड़ी। वहां न सिवरेज व्यवस्था है न पीने का पानी की सुविधा है।