• कुरुक्षेत्र में CM सैनी का राहुल गांधी पर तंज

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र लाडवा के दौरे पर रहे। मुख्यमंत्री ने 6 गांवों में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वे सबसे पहले कालीरानो पहुंचे और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। यहां उन्होंने राहुल गांधी के इंदौर में छात्र कार्यक्रम से जुड़े मामले को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।

सीएम ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अच्छा इलाज करवाने की जरूरत है। अगर इलाज से बात नहीं बनती तो कांग्रेस के नेता उनके लिए हवन ही करवा लें। राहुल गांधी ने कांग्रेस के साथ इंडी गठबंधन को भी गर्त में उतार दिया। कांग्रेस तो मरी पड़ी है, उसमें सहारा नहीं है। आने वाले समय में इनका और बुरा हाल होने वाला है।

अपनी डफली, अपना राग अलाप रहे बाप-बेटा

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बाप-बेटे दोनों अपनी डफली, अपना राग अलाप रहे हैं, लेकिन जब विधानसभा में उनके सवालों का जवाब देने की बारी आती है तो कांग्रेस के लोग भाग खड़े होते हैं। कांग्रेस के नेता सवाल तो करते हैं, लेकिन जवाब सुनने का माद्दा उनमें नहीं है।

कांग्रेस पर भ्रष्टाचार को लेकर भी हमला

सीएम सैनी ने कहा कि कांग्रेस के पुराने शासन को देखें तो जवाहरलाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी और राजीव गांधी तक के कार्यकाल में भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता कांग्रेस के नेताओं को हजम नहीं हो रही है। इसी वजह से कांग्रेस लगातार प्रधानमंत्री मोदी और केंद्र सरकार के काम का विरोध करती है।

‘पहले किसान आलू सड़क पर फेंकने को मजबूर था’

मुख्यमंत्री ने किसान मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस के शासन में किसान आलू की फसल सड़कों पर डालने को मजबूर होता था। अब किसानों को अपनी फसल सड़क पर डालने की जरूरत नहीं है। सरकार भावांतर भरपाई के जरिए किसानों को उनकी फसल का सही भाव दिलाने का काम कर रही है।

महिलाओं को नवंबर से मिलेंगे 2100 रुपए

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि नवंबर महीने में 1.80 लाख रुपए तक आय वाली पात्र महिलाओं को लाडो लक्ष्मी का लाभ मिलेगा। सरकार ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी नाम से महत्वपूर्ण योजना को लागू करके महिलाओं को प्रति महीने 2100 रुपए देने के वायदे को पूरा किया है। PM मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को योजना का विस्तार किया गया है।

अब 1.80 लाख वार्षिक आय वाले परिवार को लाभार्थी बनाया गया और पोर्टल को खोला गया है। पात्र महिलाओं को एक नवंबर के दिन योजना का लाभ पहुंचाया जाएगा। अब तक 1 लाख रुपए वार्षिक आय तक वाले परिवार इस योजना के पात्र थे। 2 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि ऑनलाइन माध्यम से खातों भेजी जा चुकी है।