• हरियाणा में किसानों पर वॉटर कैनन इस्तेमाल पर भड़की AAP

कुरुक्षेत्र में धान की सरकारी खरीद जल्द शुरू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों पर पुलिस द्वारा वाटर कैनन और आंसू गैस के इस्तेमाल को लेकर आम आदमी पार्टी ने हरियाणा सरकार पर निशाना साधा है।

AAP के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा कि किसानों की मांग सुनने और समाधान निकालने के बजाय उन पर पुलिस कार्रवाई करना सरकार के किसान हितैषी होने के दावों पर सवाल खड़े करता है।

अनुराग ढांडा ने कहा कि जिस किसान के खेत की फसल मंडी में पड़ी है, वह आश्वासन नहीं बल्कि अपनी फसल की सरकारी खरीद चाहता है।

उनके अनुसार किसान लंबे समय से धान की खरीद शुरू करने की मांग कर रहे हैं और प्रशासन से बातचीत भी कर चुके हैं।

इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ और जब किसान सड़क पर उतरे तो उनके खिलाफ वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया।

उन्होंने कहा कि हरियाणा का किसान मौसम की मार, लागत और मंडी व्यवस्था की परेशानियों के बीच अपनी फसल लेकर पहुंचता है।

ऐसे में अगर उसे खरीद के लिए भी संघर्ष करना पड़े तो यह गंभीर स्थिति है। किसान का सवाल सीधा है, फसल तैयार है, मंडी में पहुंच गई है, तो सरकारी खरीद कब शुरू होगी।

अनुराग ढांडा ने आरोप लगाया कि मंडियों में गेटपास, रजिस्ट्रेशन, खरीद प्रक्रिया, बारदाने, सफाई और भुगतान से जुड़ी समस्याओं के कारण किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

उन्होंने सरकार से मांग की कि धान खरीद की प्रक्रिया को सरल किया जाए और किसानों को मंडियों में अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।

अनुराग ढांडा ने केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकार पर सरकारी मंडी व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप भी लगाया।

उन्होंने कहा केंद्र और प्रदेश में बीजेपी की सरकार है फिर धान खरीद करने में जानबूझकर देरी क्यों की जा रही है।

उन्होंने कहा कि किसानों को निजी खरीदारों के भरोसे छोड़ने के बजाय सरकार को एमएसपी पर खरीद की व्यवस्था स्पष्ट और प्रभावी तरीके से लागू करनी चाहिए।

उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा के किसान मंडियों में अपनी फसल बेचने के लिए परेशान हो रहे हैं। कई दिनों से मंडियों में भटक रहे हैं।

लेकिन मुख्यमंत्री नायब सिंह किसानों के बीच जाकर उनकी समस्या का समाधान करने की बजाय किसानों को आंदोलन के लिए मजबूर कर रहे हैं। पुलिस को किसानों पर अत्याचार की खुली छूट दे रहे हैं।

अनुराग ढांडा ने पंजाब को लेकर भी मुख्यमंत्री नायब सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा का किसान मंडी में परेशान है और मुख्यमंत्री का ध्यान प्रदेश के किसानों की समस्या के समाधान पर सबसे पहले होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता यह देख रही है कि किसानों की फसल और खरीद व्यवस्था को लेकर सरकार क्या कदम उठाती है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के किसान किसी से खैरात नहीं मांग रहे। वे अपनी मेहनत से पैदा की गई धान की फसल की सरकारी खरीद और समय पर भुगतान की मांग कर रहे हैं। सरकार को किसानों के साथ टकराव के बजाय बातचीत का रास्ता अपनाना चाहिए।

अनुराग ढांडा ने मांग की कि धान की सरकारी खरीद जल्द शुरू की जाए, मंडियों में गेटपास और रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था आसान की जाए, पर्याप्त बारदाना उपलब्ध कराया जाए, मंडियों में सफाई-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और किसानों को उनकी फसल का भुगतान समय पर मिले।