- हाईट्रोजन ट्रेन में जींद पहुंची भाजपा प्रदेशाध्यक्ष
हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता बुधवार को सोनीपत के गोहाना से हाईट्रोजन ट्रेन में सवार होकर जींद पहुंची। भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्यों ने भी उनके साथ ट्रेन में सफर किया। जींद पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि ट्रेन से सफर करने के बाद वह कह सकती हैं कि सफर बिल्कुल सुरक्षित है।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने देश में रोड और रेल का जो विस्तार 12 साल में किया, कांग्रेस अपने 50 साल के शासनकाल में भी नहीं कर पाई। उनके इस दौरे को जींद से सोनीपत के बीच चल रही हाईट्रोजन ट्रेन में यात्रियों की लगातार कम हो रही संख्या से जोड़कर देखा जा रहा है। जींद पहुंचने के बाद प्रदेशाध्यक्ष एक कार्यक्रम में शामिल हुईं।
देश को मिली वंदे भारत जैसी ट्रेन
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने देश को वंदे भारत जैसी हाईस्पीड ट्रेन दी है। मालवाहक गाड़ियों के लिए अलग से कॉरिडोर बनाया गया है। जिससे सामान समय पर और कम खर्च पर पहुंचाने में मदद मिलेगी। धारा 370 हटाकर जम्मू कश्मीर को न केवल पूर्ण रूप से भारत में जोड़ा, बल्कि उसे ट्रेन की आधुनिक सुविधा से भी जोड़ा। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में दशकों तक देश की महत्वपूर्ण परियोजनाओं को रोककर देश को पीछे धकेलने का काम किया।
सेवा संकल्प से जुड़ने का आह्वान
उन्होंने कहा कि भाजपा ने एक एप शुरू किया है। जो भी व्यक्ति देश व समाज के लिए किसी प्रकार की सेवा करना चाहता है, वह उस एप से जुड़ सकता है। उन्होंने कहा कि सेवा कोई छोटी- बड़ी नहीं होती। किसी व्यक्ति का छोटे से छोटा काम भी समाज और देश के लिए निर्णायक साबित हो सकता है।
17 जून को पीएम मोदी ने दिखाई थी हरी झंडी
जींद से सोनीपत के बीच देश की पहली हाईट्रोजन ट्रेन को इसी साल 17 जुलाई को पीएम नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इसे रेलवे के लिए एक बड़ी क्रांति माना जा रहा है। जींद में आयोजित भव्य कार्यक्रम से चली इस ट्रेन में समय के साथ यात्रियों की संख्या में कमी होती जा रही है।
