- गेहूं के MSP में ₹25 की बढ़ोतरी किसानों पर जुल्म
हिसार से कांग्रेस सांसद जयप्रकाश शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह उचाना पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं और आमजन से मुलाकात की। सांसद हर माह के पहले शुक्रवार को उचाना पहुंचते हैं। इस दौरान पत्रकार वार्ता में उन्होंने भाजपा सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साधा।
वोट चोरी मुद्दे पर सांसद जयप्रकाश ने कहा कि चुनाव के कुल औसत वोटों को देखा जाए तो लोगों ने भाजपा को वोट नहीं दिया, बल्कि वोट काटू उम्मीदवारों को वोट दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को पता था कि लोग उसे वोट नहीं देंगे, इसलिए कई लोगों को आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़वाया गया। उन्होंने कहा कि अब लोगों को पता लग गया है कि वोट काटू भी भाजपा की ही है।
निमंत्रण देना न या न देना आयोजकों की मर्जी : जयप्रकाश
कल यानी, 3 अक्टूबर को उचाना में होने वाले ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन में निमंत्रण नहीं मिलने के सवाल पर जयप्रकाश ने कहा कि निमंत्रण देना या नहीं देना आयोजकों की मर्जी है। उन्होंने कहा कि सवाल उनसे पूछा जाना चाहिए कि हिसार लोकसभा क्षेत्र में उचाना आता है, फिर सांसद को सम्मेलन में क्यों नहीं बुलाया गया। उन्होंने कहा कि इस बारे में वह क्या बता सकते हैं। गेहूं के एमएसपी में 25 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी के सवाल पर सांसद ने कहा कि किसानों के साथ बड़ा जुल्म किया गया है। केंद्र सरकार ने रबी विपणन सीजन 2027-28 के लिए गेहूं का एमएसपी 2,585 रुपए से बढ़ाकर 2,610 रुपए प्रति क्विंटल किया है।
सांसद बोले- सरकार से किसानों के भले की उम्मीद करना गलत
जयप्रकाश ने भाजपा की नीतियों को किसान, मजदूर और युवा विरोधी बताते हुए कहा कि सरकार से किसान के भले की उम्मीद करना गलत होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों से तीन कृषि कानूनों के आंदोलन के दौरान हुए घटनाक्रम का बदला ले रही है।
युवाओं के मुद्दे पर सांसद ने कहा कि सरकार को युवाओं के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय पेपर लीक रोकने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने प्रदेश में भ्रष्टाचार बढऩे का आरोप लगाते हुए एचकेआरएन के माध्यम से सरकारी पदों पर भर्ती को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।
