- फतेहाबाद में सुनैना चौटाला ने साधा सरकार पर निशाना
फतेहाबाद में इनेलो की महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला ने एसआईआर के नाम पर लोगों के वोट काटकर भाजपा पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। सुनैना चौटाला ने कहा कि जब चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था भी खुद निर्णय नहीं ले पा रही, तो लोकतंत्र खतरे में है।
फतेहाबाद की जाट धर्मशाला में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने चुनाव आयोग को अपनी कठपुतली बना लिया है। सुनैना चौटाला ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि वोटों की जांच के नाम पर लोगों के वोट डालने के अधिकार पर असर पड़ रहा है।
अनाज मंडी में फसल खरीद के इंतजामों का जायजा लिया
सुनैना चौटाला ने फतेहाबाद अनाज मंडी का भी दौरा कर फसल खरीद के इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से बात की, जिन्होंने बताया कि पोर्टल पर पंजीकरण न होने से उनकी फसल खरीदी नहीं जा रही। चौटाला ने डीसी से बात की, जिन्होंने जल्द खरीद शुरू करवाने का भरोसा दिया।
सुनैना चौटाला ने कहा कि नूंह में इनेलो ने बड़े बदलाव की शुरुआत की है। प्रदेश के कोने-कोने से लोग वहां पहुंचे और जनता में मौजूदा भाजपा सरकार के प्रति नाराजगी है। उन्होंने कहा कि हर वर्ग चाहता है कि हरियाणा में राजनीतिक बदलाव होना चाहिए।
कांग्रेस और भाजपा में सांठगांठ का आरोप
उन्होंने दावा किया कि जनसंपर्क अभियान के दौरान लोगों ने उनसे कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में भी वे भाजपा सरकार को हटाना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस और भाजपा के बीच कथित सांठगांठ के कारण भाजपा सरकार बनाने में कामयाब रही।
इस अवसर पर इनेलो जिला प्रधान बिकर सिंह हड़ौली, भागीराम सोनी, रामस्वरूप दुग्गल, हरिसिंह डांगरा, प्रियंका सिहाग, लक्ष्मीनारायण, राजेश शर्मा, डॉ. नफे सिंह जाखड़, कृष्ण मांझू, रमेश अरोड़ा, नरेन पोटलिया, पितांबर सिंगला, डॉ. सुनील, महेश मक्कड़, सुधीर गढ़वाल, राज अमरपाल, हंसराज गोदारा, राजेन्द्र ढाका, उन्नत बैनीवाल, रेशमा भट्टू सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
