- वोट चोरी के आरोपों पर झज्जर में धनखड़ का पलटवार
झज्जर में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के चुनाव में वोट चोरी’ के आरोपों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब तक अपनी हार स्वीकार नहीं करेगी, तब तक उसकी जीत का अभियान शुरू नहीं होने वाला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव में हार की जिम्मेदारी खुद लेने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं पर डालने का प्रयास करती है, ताकि उसके कार्यकर्ता निराशा में न डूबें।
धनखड़ बुधवार को झज्जर के नेहरू कॉलेज में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग और विपक्ष के बीच चल रहे विवाद पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
चुनाव आयुक्त संवैधानिक पद, मांगने से इस्तीफा नहीं होता
विपक्ष द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग किए जाने के सवाल पर धनखड़ ने कहा कि चुनाव आयुक्त का पद संवैधानिक है। किसी के मांगने मात्र से संवैधानिक पदाधिकारी इस्तीफा नहीं देता। उन्होंने चुनाव आयोग की प्रक्रिया को पारदर्शी बताते हुए कहा कि भारत की चुनाव व्यवस्था की अन्य देशों ने भी सराहना की है।
हार की जिम्मेदारी लेने के बजाय संस्थाओं पर आरोप
धनखड़ ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जब कांग्रेस चुनाव हारती है तो वह हार की ‘ओनरशिप’ खुद लेने के बजाय संस्थाओं को जिम्मेदार ठहराती है। उनके अनुसार, कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं को निराशा से बचाने के लिए हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ती है।
वोट चोरी के आरोपों पर राहुल गांधी पर तंज
राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों पर धनखड़ ने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव आयोग की छलनी से कांग्रेस के बांग्लादेशियों के वोट के लालच की कहानी टूट गई है। धनखड़ के इस बयान को कांग्रेस के चुनावी आरोपों पर भाजपा के सीधे राजनीतिक पलटवार के तौर पर देखा जा रहा है।
2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य
धनखड़ ने झज्जर के नेहरू कॉलेज में बड़ी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण ऑनलाइन देखने के कार्यक्रम की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का स्पष्ट संदेश है कि संकल्प लेकर आगे बढ़ें—हम कर सकते हैं और करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना वर्ष 2047 तक भारत को विकसित देश बनाना है। आज देश का प्रत्येक नागरिक भारत को ऊंची उड़ान भरते हुए देख रहा है। धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब तक 42 देशों ने सम्मानित किया है, जो भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव को दर्शाता है।
बड़ौली बोले- सेवा और राष्ट्रभक्ति से ही विकसित भारत का सपना होगा साकार
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार के प्रयासों से पूरा नहीं हो सकता, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है।
सेवा ज्योति यात्रा सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए हर नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी।
सेवा ज्योति यात्रा में मोबाइल चोरी से मची खलबली
आयोजित सेवा ज्योति यात्रा के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरों ने कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार जिला परिषद चेयरमैन कप्तान बिरधाना, भाजपा नेता आनंद सागर और किसान मोर्चा अध्यक्ष समेत करीब 8 नेताओं-कार्यकर्ताओं के मोबाइल फोन चोरी हुए हैं। मोबाइल चोरी होने के बाद पीड़ितों ने पुलिस को शिकायत दी।
