- कुमारी सैलजा करेंगी नेतृत्व, इंडिया गठबंधन के नेता होंगे शामिल
सोनीपत में कांग्रेस जिला अध्यक्ष कमल दिवान ने अपने कार्यालय पर प्रेसवार्ता की। जहां वोट चोरी, मतदाता सूची में कथित हेरफेर, वोटर लिस्ट सॉफ्टवेयर के दुरुपयोग और एसआईआर (SIR) के मुद्दे को लेकर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेता 8 अक्टूबर को सोनीपत में प्रदर्शन करेंगे।
गांधी चौक से डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क तक ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ प्रदर्शन यात्रा निकाली जाएगी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा मार्च का नेतृत्व करेंगी। मंगलवार को कांग्रेस नेताओं ने मॉडल टाउन स्थित कार्यालय में प्रेसवार्ता कर प्रदर्शन की जानकारी दी।
8 अक्टूबर को गांधी चौक से निकलेगा मार्च
शहरी जिला अध्यक्ष कमल दिवान ने बताया कि कांग्रेस ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ मिलकर 8 अक्टूबर को प्रदर्शन करेगी। उन्होंने आमजन, सामाजिक संगठनों और गठबंधन के सभी दलों के कार्यकर्ताओं से गांधी चौक पहुंचकर मार्च में शामिल होने का आह्वान किया। उनके अनुसार यात्रा गांधी चौक से शुरू होकर डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क तक जाएगी।
चुनाव आयोग पर गंभीर सवाल उठाने का आरोप
कमल दिवान ने कहा कि हाल में सामने आई मीडिया रिपोर्टों के अनुसार निर्वाचन आयोग के भीतर चुनाव आयुक्तों ने पिछले 10 महीनों में 14 बार गंभीर आपत्तियां दर्ज कराई हैं। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद चुनाव आयोग की ओर से स्थिति स्पष्ट नहीं की गई।
कमल दिवान ने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट के सॉफ्टवेयर के केंद्रीकृत एक्सेस का गलत इस्तेमाल किया गया और देशभर में करोड़ों मतदाताओं के नाम मनमाने तरीके से काटे गए।
लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरेंगे
कमल दिवान ने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन ने देशभर में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान शुरू किया है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा, पश्चिम बंगाल और बिहार समेत कई राज्यों में मतदाता सूचियों में भारी हेरफेर के मुद्दे उठे हैं।
उन्होंने कहा कि विपक्ष इन मामलों में तथ्यों के आधार पर सवाल उठा रहा है। भाजपा नेताओं की ओर से विदेशी एजेंडे और पुराने मुद्दों को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वायत्त संस्था है, इसलिए भाजपा को उसका बचाव करने के बजाय स्थिति स्पष्ट करने की मांग करनी चाहिए।
एसडीएम के अधिकार केंद्रीकृत करने का आरोप
माकपा नेता श्रद्धानंद सोलंकी ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया का अधिकार स्थानीय स्तर पर एसडीएम के पास होता है, लेकिन इसे केंद्रीकृत कर दिल्ली से संचालित किया गया।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में उच्च न्यायालय में भी गलत दावे किए गए। सोलंकी के अनुसार गरीब, पिछड़े और वंचित वर्ग के लोगों से पुराने दस्तावेज मांगकर उनके मतदान के अधिकार को प्रभावित किया जा रहा है।
विपक्षी दलों से एकजुट होकर पहुंचने का आह्वान
नेताओं ने कहा कि 8 अक्टूबर को होने वाले मार्च में इंडिया गठबंधन के विभिन्न दलों के नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर शामिल होंगे। उन्होंने आमजन और सामाजिक संगठनों से भी गांधी चौक पहुंचने की अपील की। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष संजीव दहिया के अलावा सत्येंद्र गिरी, तिलक राम, जसवंत दहिया, जयवीर राठी और ऋतुराज समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
