करनाल/कीर्ति कथूरिया : आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा और डॉ. अशोक तंवर सोमवार को अनाज मंडी में पहुंचे। उन्होंने गेहूं की खरीद और मंडी में व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान रजनीश चौधरी से भी मुलाकात की और खरीद के बारे में और मंडी की तमाम व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि अनाज मंडी की व्यवस्था सरकार के तमाम दावों की पोल खोल रहे हैं। वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि मंडी में फसल पहली अप्रैल से ही आनी शुरू हो गयी थी, लेकिन अभी तक भी खरीद शुरू नहीं हुई है। मुख्यमंत्री खट्टर किसानों का मजाक बनाते हैं कि बीजेपी सरकार में मुआवजे के रूप में किसानों को तीसरी फसल मिलती है।

उन्होंने कहा कि ये हरियाणा का दुर्भाग्य है कि खट्टर हरियाणा के मुख्यमंत्री हैं।किसानों का हजारों क्विंटल गेहूं मंडी में खुले में पड़ा है। बारदाने की व्यवस्था भी नहीं की गयी है। इसके साथ मंडी में फसल बेचने आए किसानों के लिए भी कोई खास प्रबंध नहीं किए गए हैं। उन्होंने मौसम की मार की वजह से नमी के नियमों में रियायत देने की मांग की।

वरिष्ठ नेता डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि सरकार किसानों के साथ पोर्टल का खेल खेलने में लगी है। अभी तक एक तिहाई फसल की गिरदावरी भी नहीं की गई है। प्रदेशभर के किसान दुविधा में हैं कि फसल को काटे या गिरदावरी का इंतजार करें।

सरकार का 15 अप्रैल तक गिरदावरी करवाने का दावा झूठा है। मंडियों में हजारों क्विंटल गेहूं खुले में पड़ा है। सड़कें टूटी हुई है, व्यवस्था के नाम पर मंडी में कुछ भी नहीं है। सरकार साजिश के तहत गिरदावरी में देरी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *