हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि दो मार्च को अम्बाला छावनी में नगर परिषद चुनाव होने जा रहे हैं और कोई भी राष्ट्रीय या प्रदेश स्तरीय पार्टी हमारे मुकाबले खड़े होने का हौंसला नहीं जुटा पाई। भाजपा ने कमल के फूल निशान पर प्रधान पद के लिए स्वर्ण कौर और 32 वार्डों से प्रत्याशी खड़े किए हैं।

विज आज शाम चंद्रपुरी में वार्ड नंबर 22 से प्रत्याशी प्रमोद लक्की के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मौके पर भाजपा प्रधान पद प्रत्याशी स्वर्ण कौर सहित कई भाजपा नेता मौजूद थे।

कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि चंद्रपुरी कालोनी अम्बाला छावनी में जब आई थी तब यहां न सड़क थी, नाली, पानी और न ही सीवरेज था। उन्होंने यह सभी सुविधाएं यहां उपलब्ध करवाकर दी जिसका आज जनता फायदा उठा रही है।

उन्होंने कहा अम्बाला छावनी में विकास का रथ जो उनसे पहले रुका था, उस रथ को उन्होंने अपनी पूरी ताकत लगाकर चलाया है। आज छावनी में विकास अपने आप बोल रहा है। यहां बीते छह-सात साल से नगर परिषद का सदन नहीं था और अकेले ही उन्हें छोटे-मोटे कार्य तक करने पड़ रहे थे। मगर अब उन्हें यह कार्य देखने के लिए एक प्रधान और 32 पार्षद मिलने जा रहे हैं, यानि 66 आंखें और 66 हाथ मिलने जा रहे हैं जोकि वह जनता से मांगने आए है।

उन्होंने कहा केंद्र व प्रदेश में भाजपा सरकार है, अम्बाला छावनी से वह भाजपा के विधायक हैं, इसलिए नगर परिषद अम्बाला छावनी में भी भाजपा प्रधान और पार्षद होंगे तो अम्बाला छावनी के सभी विकास कार्य निर्विघन होंगे। उन्होंने बताया कि उनके कार्यकर्ताओं ने 60 सेकेंड में चित्रों सहित 60 विकास कार्यों की वीडियो बनाई है।

जनसेवा सबके बस की बात नहीं, हमने जनसेवा करने वाले खास लोगों को ही प्रत्याशी बनाया : कैबिनेट मंत्री अनिल विज

कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि 22 नंबर वार्ड से भी अच्छी प्रकार से परखा प्रमोद लक्की को भाजपा प्रत्याशी बनाया गया है। यह जो सेवा का कार्य होता है यह हर आदमी के बल बूते की बात नहीं होती और इसके लिए परमात्मा खास लोगों को बनाता है। आज के समय लोग अपने कार्यों में व्यस्त रहते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि एक बार एक अध्यापिका ने अपनी कक्षा में बच्चों को जनसेवा करने का आह्वान किया।

बच्चों से अगले दिन अध्यापिका ने पूछा कि क्या बच्चों ने सेवा का कोई कार्य किया है जिसपर सभी बच्चों ने हाथ उठा दिया। बारी-बारी सभी बच्चों ने एक ही जवाब दिया कि उन्होंने एक दृष्टिहीन को सड़क पार करवाई। अध्यापिका ने हैरानी से पूछा कि कि कितने दृष्टिहीन थे, जिसपर बच्चों ने बताया दृष्टिहीन तो एक था, मगर सभी ने जनसेवा करने के लिए उसे ही जबरन सड़क बार-बार पार करवाई।

मंत्री अनिल विज ने कहा कि हर व्यक्ति के लिए जनसेवा करना उसके बस की बात नहीं, परमात्मा लोगों की सेवा के लिए खास लोगों को अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा प्रधान पद प्रत्याशी स्वर्ण कौर और स्थानीय वार्ड से हमने प्रमोद लक्की को खड़ा किया है जोकि बेहतर जनसेवक हैं।

आचार संहिता हटने के बाद डोमेस्टिक एयरपोर्ट आप्रेशनल होगा : मंत्री अनिल विज

कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी का डोमेस्टिक एयरपोर्ट जल्द आप्रेशनल होने वाला है और यहां से जम्मू, अयोध्या, श्रीनगर व लखनऊ के लिए फ्लाइट पास हो चुकी है। कई बड़ी एयरलाइन भी अम्बाला छावनी से विमान सेवा प्रारंभ करने की इच्छुक है। अम्बाला छावनी एयरपोर्ट से कई शहरों को कनेक्टिविटी मिलेगी। उन्होंने कहा जहां एयरपोर्ट बन जाता है वहां विकास को पहिए लग जाते हैं।

जनता ने मौका दिया तो अम्बाला छावनी में मैनें विकास कार्यों की झड़ी लगा दी : मंत्री अनिल विज

कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि उन्हें सातवीं बार जनता ने विधायक बनाया है। सारे हरियाणा में इतनी बार विधायक बनने वाले वह अकेले विधायक है, उन्होंने कभी धर्म, जाति व भाषा की राजनीति हीं की। उन्होंने केवल विकास की राजनीति की है। सभी ने मौका दिया तो उन्होंने विकास की झड़ी अम्बाला में लगा दी।

1990 में वह पहली बार विधायक बने तो सरकार ने स्कीमें अम्बाला छावनी छोड़ सारे हरियाणा में बांटी, इस उन्होंने पंक्ति सुनाई “अबकी बरस सावन में अजब बात हुई, मेरा घर छोड़ सारे हरियाणा में बरसात हुई”। मगर उन्होंने हार नहीं मानी और अम्बाला छावनी के विकास के उन्होंने अपना पूरा जीवन लगाया और नामुमकिन काम करके दिखाया। वह छावनी में 1857 की याद में शहीदी स्मारक बना रहे हैं जहां पूरे देश से हजारों लोग इसे देखने आएंगे। यह शहीदी स्मारक शहर के विकास में महत्वपूर्ण साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *