- अनुशासनहीनता पर हाईकमान सख्त
हरियाणा यूथ कांग्रेस में अनुशासनहीनता को लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व ने सख्त रुख अपनाया है। 1 नवंबर को रामलीला मैदान में आयोजित “वोट-चोरी रैली” में शामिल न होने वाले 10 प्रमुख पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
यह कार्रवाई भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों पर की गई है। 2 नवंबर को जारी निलंबन पत्र में स्पष्ट किया गया है कि अगले आदेश तक ये सभी पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों से मुक्त रहेंगे।
अब जानिए, कार्रवाई की 3 बड़ी वजह…
- संगठनात्मक अनुशासनहीनता: राष्ट्रीय नेतृत्व ने रैली जैसे बड़े आयोजन में गैर-मौजूदगी को गंभीर संगठनात्मक अनुशासनहीनता माना है। बताया जा रहा है कि सामान्य बैठकों में भी अक्सर ये पदाधिकारी नहीं आते थे।
- हाईकमान का सख्त संदेश: बिना किसी ठोस वजह के पार्टी के मुख्य कार्यक्रम से दूरी बनाने वाले नेताओं को साफ संदेश दिया गया है कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
- आगामी आदेश तक निलंबन: सभी 10 नेताओं को अगले निर्देश मिलने तक तुरंत प्रभाव से पद से हटा दिया गया है। यह आदेश प्रदेश प्रभारी सत्यवान गहलोत, सह-प्रभारी मीमांसा आर्य, सह-प्रभारी प्रियंका चंदेलिया, प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया और प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सौमिल संधू की सहमति से जारी किया गया है।
