हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि खेल ही वह शक्ति है जो युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देती है। जब युवा मैदान में दौड़ता है, तो वह नशे से दूर रहते हुए, अनुशासन के साथ राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनता है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह आज नारायणगढ (अम्बाला) के गांव बड़ागढ में हरियाणा स्टेट चैम्पियनशिप -2025 के उदघाटन अवसर पर खिलाडिय़ों को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इस स्टेडियम में 16 करोड़ 71 लाख रुपये की लागत से बनने वाले हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान और फोरलेन सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने अक्टूबर में आयोजित यूथ एशियन गेम्स में रजत पदक जीतने वाली बॉक्सर हरनूर कौर को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ठीक ही कहा है-मैदान में जो खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ देता है, वही जीवन में भी सदैव सबसे आगे बढ़ता है। उन्होने कहा कि हरियाणा के खिलाडिय़ों ने प्रधानमंत्री जी की इस बात को अपने जीवन में लागू करके दिखाया है। हमारी धरती सदियों से वीरों, खिलाडिय़ों और कर्मयोगियों की भूमि रही है। ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल या राष्ट्रीय चेम्पियनशिप, हर जगह हरियाणा के बेटे-बेटियों ने देश का नाम रोशन किया है। इसके लिए प्रदेश के खिलाड़ी बधाई के पात्र हैं।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी कहा कि बड़ागढ़ की इस पवित्र धरती पर आकर मुझे बड़े उत्साह और उमंग का अनुभव हो रहा है। हरियाणा स्टेट चैम्पियनशिप -2025 में प्रदेश के 4 हजार से अधिक ऊर्जावान युवाओं का दल शामिल है। जहां तक नजर डालो, वहां हर चेहरा उमंग से दमक रहा है और हर दिल में एक ही संकल्प धडक़ रहा है कि जो मैदान में उतरेंगे तो जीतकर ही लौटेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैदान में गूंजे युवा पुकार, जीत का रखो सदा विचार, हार से सीखो हिम्मत ना हारो, नई उड़ान भरो सपनों को संवारों। इस चेम्पियनशिप से खिलाड़ी अपने खेल स्तर को और अधिक उंचा उठाने में सफल रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह चेम्पियनशिप ऐसे समय में हो रही है, जब हम गत 1 नवम्बर से ’’हिंद की चादर’’ नौंवी पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी वर्ष मना रहे हैं। श्री गुरु तेग बहादुर जी ने देश व धर्म की रक्षा के लिए अपने जीवन की कुर्बानी दी, और अन्याय, धार्मिक कट्टरता और अत्याचार के विरुद्ध अपनी आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि श्री गुरू तेग बहादुर जी को अपना शीश कटवाना मंजूर था, लेकिन वे अपने धर्म से विचलित नहीं हुए। उनके बलिदान, त्याग और सिद्धांतों से आप युवाओं को प्रेरित करने के लिए प्रदेशभर में उनका शहीदी वर्ष मनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ट्रैक के बनने से हमारे युवाओं के सपनों को एक नई उड़ान मिलेगी। साथ ही, यह आधुनिक हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान हरियाणा को स्पोट्र्स पावर ऑफ इंडिया बनाने में कारगर कदम सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि शाहबाद में स्थित हॉकी अकेडमी में बने एस्ट्रोटर्फ मैदान से रानी रामपाल व सविता पूनिया जैसी खिलाडिय़ों ने देश का नेतृत्व किया है, उसी प्रकार यहां से भी निकलने वाले खिलाड़ी देश-विदेश में नाम कमाएंगे। यह स्टेडियम भी शाहबाद की तरह हॉकी की नर्सरी कहलाएगा।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस फोर लेन सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक के निर्माण से एथलेटिक्स जैसे मूलभूत खेलों को भी नई दिशा मिलेगी। हर खेल की शुरुआत दौड़ से होती है, और जब दौड़ की शुरुआत आधुनिक ट्रैक से होगी, तो उसके परिणाम भी विश्वस्तरीय होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने खेल सुविधाएं पूरे राज्य में विकसित करने का बीड़ा उठाया हुआ है। इसके लिए खेल विभाग का बजट भी दोगुने से ज्यादा किया गया है। इस वित्त वर्ष के बजट में खेलों के लिए 589 करोड़ 69 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
