- पंजाब सरकार में आई इंदिरा की आत्मा, पीएम बनने का मिला आशीर्वाद
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज आज शुक्रवार को कुरुक्षेत्र पहुंचे। यहां कैबिनेट मंत्री ने संत चिरंजी पुरी के 96वे जन्मदिन पर बधाई दी। संत चिरंजी पुरी ने अनिल विज को प्रधानमंत्री बनने का आशीर्वाद दिया। संत चिरंजी पुरी ने कहा कि आपका भी टाइम आएगा, प्राइम मिनिस्टर बनने का।
उधर, मीडिया से बातचीत में कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस और पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) को आडे हाथों लिया। विज ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब में इमरजेंसी लगा दी है। लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। इसी तरह कांग्रेस पर भी जुबानी हमला बोला।
इंदिरा गांधी की आत्मा आ गई
अनिल विज ने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार में कांग्रेस की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की आत्मा आ गई है। इंदिरा गांधी ने भी यही किया था। इंदिरा गांधी के कार्यकाल में समाचार-पत्रों पर प्रतिबंध लगा दिए थे। उस समय अखबारें आधी-आधी छपा करती थी और इमरजेंसी लग गई थी।
ये टूटी-फूटी कांग्रेस है
कुरुक्षेत्र में चल रहे कांग्रेस के जिलाध्यक्षों की ट्रेनिंग के सवाल पर विज ने कहा कि ये टूटी-फूटी कांग्रेस है। अपने टुकडों को जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। पंजाब में भी ऐसा प्रतीत हो रहा है कि इमरजेंसी लग गई है। पंजाब की सरकार बिना कायदे-कानून के काम कर रही है।
आधा गिलास लस्सी पर जी रहे संत चिरंजी
उन्होंने कहा कि संत चिरंजी पुरी पिछले 40 सालों से आधा गिलास लस्सी और एक लंगोटी में अपना जीवनयापन कर रहे हैं। श्री ब्रह्मपुरी अन्न क्षेत्र आश्रम ट्रस्ट कुरुक्षेत्र अष्ट दश विभूति ज्ञान की ओर से 18 मंजिला मंदिर बनाया गया। ट्रस्ट ब्रह्मसरोवर के नजदीक 100 बेड का अस्पताल बनाएगा। इसमें उनकी ओर से 30 लाख रुपए अनुदान देने का ऐलान किया।
