• जेजेपी-इनेलो के कई नेता हो सकते है शामिल
  • विधायक अत्री कर चुके बैठक

प्रदेश की हॉट सीटों में शामिल जींद जिले के उचाना में 18 फरवरी को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एक विकास रैली को संबोधित करेंगे। यह रैली उचाना के सबसे बड़े मैदान हाईवे स्थित अतिरिक्त मंडी में शेड के नीचे आयोजित की जाएगी। इस रैली के दौरान जेजेपी और इनेलो को बड़े झटके लगने की संभावना है।

पार्टी नेतृत्व से नाराज जेजेपी नेता

सूत्रों के अनुसार, जेजेपी के कई वरिष्ठ और युवा नेता पार्टी नेतृत्व से नाराज चल रहे हैं, भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इनेलो के भी कुछ वरिष्ठ नेताओं के अपनी टीम के साथ भाजपा में जाने की जानकारी मिली है। विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री के साथ इन नेताओं की बैठकें भी हो चुकी हैं।

बांगर की राजनीतिक पिच पर विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री रैली को सफल बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। रैली की सफलता उनके बढ़ते राजनीतिक कद को भी साबित करेगी।

व्यापारियों से मांगे सुझाव

रैली की तैयारियों के तहत व्यापारियों के साथ बैठकें कर मांग पत्र के लिए सुझाव मांगे गए हैं। गांव-गांव जाकर रैली के लिए निमंत्रण देने का कार्यक्रम भी बनाया जा रहा है। रजबाहा रोड स्थित भाजपा चुनावी कार्यालय में पदाधिकारियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक भी हुई।

सीएम कर सकते है बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री इस दिन कई बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं, जिनका उचाना के लोगों को दशकों से इंतजार है। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आगमन को लेकर लोगों में बड़ा उत्साह है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उचाना विकास रैली ऐतिहासिक होगी।

लाइब्रेरी जैसी कई मांगें रखी जाएगी

विधायक अत्री ने कहा कि हजारों की संख्या में लोग मुख्यमंत्री को सुनने आएंगे। मुख्यमंत्री ‘विकसित उचाना’ के सपने को लेकर बड़ी घोषणाएं करेंगे। उन्होंने बताया कि मांग पत्र में महाग्राम में कई गांवों को शामिल करने के साथ-साथ स्पोर्ट्स और लाइब्रेरी जैसी अन्य मांगें भी रखी जाएगी। विधायक ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करोड़ों के कार्यों की घोषणाएं करेंगे और भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है।