- अश्लील भाषा पर कानून बनाने की मांग, इनेलो पर भी साधा निशाना
हिसार जिले के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में कांग्रेस सांसद जयप्रकाश ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने हाल ही में चर्चा में आए हरियाणवी ‘टटीरी’ सॉन्ग पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। सांसद ने इसे निंदनीय बताते हुए कहा कि इस तरह की अश्लील और अमर्यादित भाषा समाज को तोड़ने का काम करती है और इस पर सख्त कानून बनाया जाना चाहिए।
जयप्रकाश ने कहा कि जब हरियाणा विधानसभा में भाजपा के कुछ विधायकों ने भी अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया था, तब भी कांग्रेस ने इसका विरोध किया था।
सरकार भी इसे रोकना नहीं चाहती
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उस समय भी मांग उठाई थी कि ऐसा कानून लाया जाए, जिसके तहत विधानसभा के अंदर या बाहर कोई भी व्यक्ति, चाहे वह गायक हो या आम नागरिक, अगर अश्लील और अपमानजनक भाषा का प्रयोग करता है, तो उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाए। अगर सरकार इस तरह की भाषा पर रोक लगाने के लिए कानून नहीं बनाती, तो यह माना जाएगा कि सरकार भी इसे रोकना नहीं चाहती।
राज्यसभा चुनाव को लेकर दी प्रतिक्रिया
राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए सांसद जयप्रकाश ने राज्यसभा चुनाव को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेस के विधायक पहले से ज्यादा मजबूत हैं और 37 विधायक एक चट्टान की तरह खड़े हैं। उन्होंने कहा कि इस बार चुने गए विधायकों की कार्यशैली पहले से अलग है और किसी भी दबाव में आने वाले नहीं हैं।
इनेलो के दोनों विधायक भाजपा के साथ
इनेलो को लेकर पूछे गए सवाल पर सांसद ने कहा कि इनेलो के दोनों विधायक पहले से ही भाजपा के साथ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मुद्दों पर इनेलो ने भाजपा सरकार का साथ दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एसआईआर जैसे मुद्दे पर विधानसभा से वॉकआउट किया, क्योंकि यह केंद्र सरकार का विषय है, जबकि इनेलो ने सरकार का समर्थन किया।
हरियाणा के लोगों को भ्रमित करने की कोशिश
जयप्रकाश ने कहा कि जब राजस्थान में इसी तरह के मुद्दे पर चर्चा की मांग उठी, तो भाजपा सरकार ने इसे केंद्र का विषय बताकर चर्चा से इनकार कर दिया। इससे स्पष्ट होता है कि हरियाणा में लोगों को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है।
हिसार एयरपोर्ट को लेकर भी सांसद ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हिसार में जो सुविधा है वह एयरपोर्ट नहीं, बल्कि एयरोड्रम है और इसे लेकर जनता को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय इसे घरेलू हवाई अड्डे के रूप में विकसित किया गया था, लेकिन बाद में भाजपा सरकार ने इस परियोजना को आगे नहीं बढ़ाया।
