- हरियाणा प्रभारी बोले- शोकॉज नोटिस जारी होगा
- हुड्डा धरने पर बैठे सेतिया-चौधरी को ले गए
हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों के नामों की घोषणा कांग्रेस ने कर दी है। बुधवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए पार्टी प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने बताया कि नारायणगढ़ से शैली चौधरी, पुन्हाना से मोहम्मद इलियास, हथीन से मोहम्मद इसराइल और सढ़ौरा विधायक रेनू बाला ने क्रॉस वोटिंग की थी। पार्टी की डिसिप्लिनरी कमेटी को इसकी जानकारी दे दी है। आज इन सभी विधायकों को कारण बताओ नोटिस भेजा जाएगा।
चंडीगढ़ में पार्टी ऑफिस के बाहर धरने पर बैठ गए
इससे पहले, सिरसा विधायक गोकुल सेतिया और नांगल चौधरी विधायक मंजू चौधरी बुधवार को चंडीगढ़ में पार्टी ऑफिस के बाहर धरने पर बैठ गए। दोनों विधायकों ने कहा कि वोट रद्द होने वाले विधायकों में उनके नाम भी उछाले जा रहे हैं। उनकी मांग है कि कांग्रेस क्रॉस वोटिंग करने वाले और वोट रद्द होने वाले विधायकों के नाम सार्वजनिक करे और धोखा देने वाले विधायकों को पार्टी से निकाला जाए।
कुछ देर बाद नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा दोनों विधायकों के पास पहुंचे। उन्हें हाथ पकड़कर उठा दिया और अपने साथ विधानसभा ले गए।
निर्दलीय उम्मीदवार हाईकोर्ट जा सकते हैं
हार के बाद निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट जाने की तैयारी में हैं। एक मीडिया चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा कि ऐलनाबाद से कांग्रेस विधायक भरत सिंह बेनीवाल का वोट रद्द होना चाहिए। बेनीवाल जब वोट देने आए थे, तब भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने उन्हें हाथ लगाया था, जबकि इस दौरान दूर रहना होता है। हुड्डा वोट को हाथ में लेने का प्रयास कर रहे थे।
