- अजय चौटाला के बयान पर सांसद जेपी का पलटवार
हिसार के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में रविवार को कांग्रेस सांसद जयप्रकाश के बयान ने हरियाणा की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। जेजेपी नेता अजय सिंह चौटाला के वायरल दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए जयप्रकाश ने न सिर्फ सवाल उठाए, बल्कि इसे प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति से भी जोड़ दिया।
अजय चौटाला ने दावा किया था कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उन्हें राज्यसभा चुनाव लड़ने का ऑफर दिया और कांग्रेस के 9 विधायकों का समर्थन दिलाने की बात कही। इस दावे के बाद हरियाणा में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और सत्ता पक्ष व विपक्ष आमने-सामने आ गए हैं।
जयप्रकाश ने कहा कि यह मामला दो अहम सवाल खड़े करता है, क्या ऐसा कोई ऑफर दिया गया और कांग्रेस विधायकों के समर्थन की बात कैसे सामने आई। उन्होंने कहा, “प्रजातंत्र में खरीद-फरोख्त सबसे बड़ा खतरा है। इसमें लेने और देने वाले दोनों ही बराबर दोषी हैं।”
2024 की राजनीति से जोड़ा मामला
कांग्रेस सांसद ने इस पूरे विवाद को 2024 के सत्ता समीकरणों से जोड़ते हुए भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि धनबल और दबाव की राजनीति के जरिए सरकार बनाई गई और अब ऐसे बयान उस रणनीति को उजागर कर रहे हैं।
अजय चौटाला द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर लगाए गए 25-25 करोड़ में विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों को जयप्रकाश ने सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि यह केवल सुर्खियों में बने रहने की कोशिश है और इसका कोई तथ्यात्मक आधार नहीं है।
कांग्रेस में भी हलचल, विधायकों को नोटिस
भाजपा नेताओं से मुलाकात करने वाले कांग्रेस विधायकों पर पार्टी ने सख्ती दिखाई है। जयप्रकाश ने बताया कि संबंधित विधायकों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं और अनुशासन समिति जांच कर रही है। अंतिम फैसला हाईकमान लेगा।
