- गैंगस्टर्स का बना गढ़
जींद में कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने मुख्यमंत्री नायब सैनी पर जुबानी हमला बोला है। इंटक के प्रदेश स्तरीय प्रतिनिधि सम्मेलन में दीपेंद्र ने कहा कि जब पड़ोसी प्रदेश के पूर्व मंत्री तक को हरियाणा के मुख्यमंत्री का नाम नहीं पता हो तो स्थिति को स्पष्ट समझा जा सकता है। हमारे मुख्यमंत्री हरियाणा में कम और देश के दूसरे प्रदेशों और विदेश में ज्यादा घूमते हैं।
जिस कारण हरियाणा की न्यूज में उनकी उपस्थिति कम देखने को मिलती है। दरअसल राजस्थान इंटक के प्रदेशाध्यक्ष एवं राजस्थान के पूर्व मंत्री जगदीश माली को मंच पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री का नाम पूछना पड़ा था। जिस पर टिप्पणी करते हुए दीपेंद्र ने अपने संबोधन में यह बात कही।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की सरकार जनादेश की सरकार नहीं है। चुनाव आयोग से सांठगांठ और मैनेजमेंट की सरकार है। इसलिए सरकार को प्रदेश के लोगों के हितों से कोई सरोकार नहीं है। प्रदेश आज गैंगस्टर का गढ़ बनकर रह गया है। पंजाब, यूपी सहित दूसरे प्रदेशों के गैंगस्टरों के लिए हरियाणा सबसे सुरक्षित बन चुका है।
दीपेंद्र ने इंटक प्रतिनिधियों से हरियाणा में शुरू होने वाले कांग्रेस के प्रदर्शनों में बढ़चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सांसद सत्पाल ब्रह्मचारी, जिला प्रधान रिषीपाल हैबतपुर इत्यादि ने भी संबोधित किया।
प्रभारी बोले- हरियाणा में कांग्रेस की लहर
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि आज प्रदेश में कांग्रेस की लहर है। हरियाणा में इंटक पार्टी का मुख्य अंग है और आने वाले समय में संगठन में पूरा प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। जल्द ही स्टेट लीडरशिप के साथ इंटक प्रतिनिधिमंडल की एक बैठक आयोजित की जाएगी। जिससे कर्मचारियों और श्रमिकों की समस्याओं को संगठन के स्तर पर मजबूती से उठाया जा सके।
बेरोजगारी व गुंड़ागर्दी का अड्डा हरियाणा
प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा ने दो साल के कार्यकाल में जनता से किया अपना कोई वायदा पूरा नहीं किया। महंगाई और बेरोजगारी से जनता त्रस्त है,।आए दिन फिरौती, रंगदारी, लूट व हत्याएं हो रही है। भाजपा के 12 साल के कुशासन से परेशान प्रदेश की जनता कांग्रेस को सत्ता सौंपने का मन बना चुकी है। प्रदेश प्रभारी का रिकार्ड भी ऐसा ही रहा है।
अमित यादव फिर बने प्रदेशाध्यक्ष
इंटक के प्रदेश स्तरीय प्रतिनिधि सम्मेलन में झज्जर निवासी अमित यादव को फिर सर्वसम्मति से प्रदेशाध्यक्ष चुन लिया गया। पर्यवेक्षक जगदीश माली की देखरेख में मंच से उनके नाम का प्रस्ताव दिया गया। जिसके बाद अलग-अलग संगठनों के प्रतिनिधियों ने मंच पर आकर अपना समर्थन दिया।
