- देवेंद्र हंस बोले- लोगों की जान जा रही, अधिकारी सो रहे, BJP जिम्मेदार
कैथल में गुहला से कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस ने क्षेत्र की बदहाल सड़कों को ‘खूनी सड़कें’ करार देते हुए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। विधायक का कहना है कि सड़कों के सुधार के लिए अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री तक गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।
इस संबंध में विधायक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। उन्होंने कहा कि गुहला-चीका क्षेत्र की सड़कों की खराब हालत लंबे समय से लोगों की परेशानी और हादसों का कारण बनी हुई है।
विधायक ने अब सड़कों की बदहाली के विरोध में 17 नवंबर को सीवन में धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। उन्होंने क्षेत्रवासियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से इसमें अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।
बोले- विधानसभा तक उठाई आवाज, ठोस परिणाम नहीं
विधायक देवेंद्र हंस ने कहा कि गुहला-चीका क्षेत्र की सड़कों के सुधार और निर्माण के लिए कैथल में संबंधित विभाग के कार्यालय से लेकर हरियाणा विधानसभा तक आवाज उठाई। अधिकारियों के सामने भी मामला रखा और लगातार प्रयास किए, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया।
उन्होंने कहा कि बार-बार आवाज उठाने के बावजूद सरकार और संबंधित विभाग ने कार्रवाई नहीं की। इसलिए जनता के हित में सड़कों की बदहाली के विरोध में धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।
17 नवंबर को सीवन में होगा प्रदर्शन
विधायक ने बताया कि 17 नवंबर को सुबह 11 बजे सीवन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस लड़ाई में सहयोग और सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
बोले- लोगों की जान जा रही, अधिकारी सो रहे
वीडियो के संबंध में विधायक ने कहा कि अब आश्वासन नहीं, गुहला-चीका क्षेत्र की सड़कों का निर्माण चाहिए। इसके लिए उन्हें सड़कों पर उतरना पड़ा तो उतर जाएंगे। क्षेत्र की सभी सड़कें बदहाल हैं और अधिकारी सो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जो सड़कें बनी हैं, वे भी कड़े संघर्ष के बाद बनवाई हैं। बदहाल सड़कों के कारण लोगों की जान जा रही है। इसे रोकने के लिए संघर्ष करना ही पड़ेगा।
