• समय आने पर दिखाएंगे थर्ड डिग्री, रोहतक पहुंचे थे हरियाणा सह-प्रभारी

रोहतक के ब्लॉक कलानौर के गांव माडौदी में पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं हरियाणा सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा केवल सपने दिखाती है। लेकिन जनता के उन सपनों को पूरा होने नहीं देती। लोगों को सुनहरे सपने दिखाकर भाजपा काम करती है, यही भाजपा व आरएसएस की नीति है।

जितेंद्र बघेल ने कहा कि जब तक शोर नहीं मचाएंगे तो चोर कैसे भागेगा। इसलिए कांग्रेस को शोर मचाना पड़ रहा है। भाजपा तो लोगों को सपने दिखाकर सुला देती है और लोग उनके सपनों में खोए रहते हैं। भाजपा कभी धर्म के नाम पर तो कभी जाति के नाम पर लोगों को भड़काती है। आज देश में कौन सा वर्ग खुश है, सबको पता है।

समय आने पर बताएंगे कांग्रेस की थर्ड डिग्री

जितेंद्र बघेल ने कहा कि चोर कभी कहता है कि उसने चोरी की है। जब पुलिस डंडे मारती है तो भी कबूल नहीं करता। जब थर्ड डिग्री देते है, तब कहीं जाकर अपना जुर्म कबूल करता है। कांग्रेस की थर्ड डिग्री भी समय आने पर बताएंगे। भाजपा ने जिस प्रकार शिक्षा का भगवाकरण किया, उससे शिक्षा का स्तर गिरा है।

लोकतंत्र को बचाने की जरूरत बताया

जितेंद्र बघेल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का संदेश ग्रामीणों तक पहुंचाते हुए कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए एकजुट होने की जरूरत है। प्रत्येक नागरिक के वोट की अहमियत है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है और इसकी रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मतदाता सूची की निष्पक्षता बनाए रखना जरूरी

सोनीपत से सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक के वोट का समान महत्व है। मतदाता सूची में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना बेहद जरूरी है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करने चाहिए।