सिरसा जिले के डबवाली में कांग्रेस की सद्भाव यात्रा का दूसरा दिन चौटाला रोड स्थित बिश्नोई मंदिर से शुरू हुआ। बता दे कि इस यात्रा का नेतृत्व पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ किया। यह यात्रा कॉलोनी रोड, गांधी चौक, भगत सिंह चौक, बठिंडा चौक, गांव डबवाली और जोगेवाला होते हुए गांव देसूजोधा में संपन्न होगी।

इससे पहले, 29 मार्च को यह यात्रा महा ग्राम गंगा में प्रवेश कर चुकी थी। पिछले दिन यह यात्रा गंगा गांव से शुरू होकर सुखेरा खेड़ा और जंड़वाला बिश्नोईयां होते हुए चौटाला गांव पहुंची थी।कांग्रेसी नेता बृजेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में बताया कि यह यात्रा का 179वां दिन है। उन्होंने कहा कि कल यह यात्रा हल्का कालावाली में प्रवेश करेगी, जिसके बाद यह करनाल जिले में पहुंचेगी।

भाईचारे को बढ़ावा देना यात्रा का उद्देश्य

बृजेंद्र सिंह ने सद्भाव यात्रा का उद्देश्य सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देना बताया। उन्होंने यह भी कहा कि इस यात्रा के माध्यम से भाजपा की ‘फिरका परस्त’ राजनीति का लोगों को पता चल पाएगा। कांग्रेस का ‘हाथ भाईचारे के साथ’ का संदेश देते हुए, उन्होंने कहा कि यह सद्भाव यात्रा आगामी राजनीति में बदलाव लाएगी।

पूरे प्रदेश में जा चुकी यात्रा

बृजेंद्र सिंह ने दावा किया कि यह यात्रा पूरे हरियाणा में जा चुकी है और लोगों में भाजपा का मुकाबला करने की इच्छा है। बृजेंद्र सिंह ने कहा कि 2024 के चुनाव में भाजपा को सत्ता में लाकर लोगों को निराशा हुई है।

भाजपा सरकार पर तंज

बृजेंद्र सिंह ने जोर दिया कि कांग्रेस संगठनात्मक तौर पर पूरी तरह सशक्त है और पिछले छह माह से इस सद्भाव यात्रा के माध्यम से पूरे प्रदेश में कांग्रेस की नीतियों का संदेश आमजन तक पहुंचा रही है।