• गुलिया बोले- कुर्सियां खाली, यह कैसी लोकप्रियता; किरण चौधरी को घेरा

भिवानी कांग्रेस के शहरी अध्यक्ष प्रदीप गुलिया ने रोहतक रोड स्थित अपने कार्यालय में पत्रकार वार्ता की। इस दौरान उन्होंने तोशाम में आयोजित सीएम नायब सिंह सैनी की रैली को लेकर लेकर निशाना साधा और कहा कि रैली में सीएम नायब सैनी के भाषण के दौरान कुर्सियां खाली पड़ी थी। प्रदीप गुलिया ने कहा कि तोशाम विधानसभा क्षेत्र में सीएम नायब सैनी की रैली हुई। जिसकी एक वीडियो भी दिखाई, जिसमें कुर्सियां खाली थी और सीएम का भाषण चल रहा था।

इसको लेकर प्रदीप गुलिया ने कहा कि श्रुति चौधरी तोशाम से विधायक हैं और सरकार में मंत्री हैं। नायब सैनी पहली बाद तोशाम में रैली करने आए। जब नायब सैनी बोल रहे हैं तो कुर्सियां खाली हैं। सरकार को बने हुए अभी केवल डेढ़ साल हुआ है। ऐसा क्या हुआ, क्या यह लोकप्रियता है, श्रुति चौधरी व भाजपा और सीएम की। भाजपा सरकार को यह सोचना चाहिए कि लोग उनसे रूठे हुए क्यों हैं। कैसे उनकी सरकार बन गई, यह तो जनता अपने आप पता लगा लेगी।

किरण चौधरी पर साधा निशाना

प्रदीप गुलिया ने कहा कि रैली के दौरान कांग्रेस सरकार में मंत्री रही किरण चौधरी ने स्टेज से भाषण के दौरान एक बयान दिया कि भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ से शुरू से ही बहुत प्यार रहा है। किरण चौधरी ने कहा कि घनश्याम सर्राफ बैठे हैं, जिनकी हमेशा मदद की है।

इस पर गुलिया बोले, “हमेशा कब मदद की। वे बीते विधानसभा चुनाव में बीजेपी में गए हैं। इससे पहले तो कांग्रेस की नेता थीं और घनश्याम सर्राफ भाजपा उम्मीदवार होते थे। क्या पिछले तीन चुनाव में इनकी मदद की है। जनता इसका जवाब किरण चौधरी से मांगेगी। साथ ही जनता भाजपा से भी सवाल पूछेगी कि जब कांग्रेस में रहते हुए किरण चौधरी ने घनश्याम सर्राफ की मदद की है, तो भाजपा के नेता व किरण चौधरी स्पष्टिकरण दें।”

बोले- भिवानी में कोई बड़ा प्रोजेक्ट नहीं लेकर आए

वहीं, सीएम द्वारा की गई घोषणाओं को लेकर प्रदीप गुलिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जो घोषणाएं की हैं और ये सभी पूरी हो जाएं तो खुशी की बात है। हमारे जिले में विकास हो। लेकिन भाजपा की सरकार सिर्फ नाम बदलने में विश्वास रखती है। जो कांग्रेस के समय में यूनिवर्सिटी व मेडिकल कॉलेज बनाए, उनका नाम बदलने का काम किया है। भिवानी में ये कोई भी बड़ा प्रोजेक्ट नहीं लेकर आए। ये घोषणएं भी कागजी ही साबित होंगी।