• सोशल मीडिया पर पोस्ट को लेकर विवाद, पूर्व विधायक को माफी की चेतावनी

झज्जर जिले के बादली हलके की राजनीति में लंबे समय से चल रही बयानबाजी अब कानूनी लड़ाई में बदलती नजर आ रही है। मौजूदा कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने पूर्व विधायक नरेश शर्मा को 5 करोड़ रुपए का मानहानि का लीगल नोटिस भेजा है। इस नोटिस में सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह झूठा, मनगढ़ंत और बेबुनियाद बताते हुए सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

राज्यसभा चुनाव को लेकर लगाए आरोप

नोटिस के अनुसार, 16 मार्च 2026 को हुए राज्यसभा चुनाव को लेकर नरेश शर्मा द्वारा सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और यूट्यूब पर ऐसे आरोप लगाए गए, जिनमें विधायक कुलदीप वत्स पर कथित तौर पर राज्यसभा चुनाव में पैसे लेकर वोट प्रभावित करने या रद्द करवाने जैसी गंभीर बातें कही गईं।

विधायक पक्ष का कहना है कि इन आरोपों का कोई तथ्यात्मक आधार नहीं है और यह केवल उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से फैलाए गए हैं।

सोशल मीडिया पोस्ट बनी विवाद की जड़

कानूनी नोटिस में 17 मार्च, 19 मार्च और 5 अप्रैल 2026 को की गई फेसबुक पोस्ट और यूट्यूब वीडियो का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है। आरोप है कि इन पोस्ट और वीडियो के जरिए लगातार एक ही तरह के आरोप दोहराए गए, जिससे न केवल विधायक की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची, बल्कि आम जनता के बीच भ्रम की स्थिति भी उत्पन्न हुई। नोटिस में इसे सुनियोजित तरीके से छवि धूमिल करने की कोशिश बताया गया है।

48 घंटे में माफी और 5 करोड़ हर्जाने की मांग

नोटिस के माध्यम से पूर्व विधायक नरेश शर्मा को 48 घंटे के भीतर सभी कथित आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो हटाने, सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगने और 5 करोड़ रुपए का हर्जाना अदा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि तय समय सीमा के भीतर इन शर्तों का पालन नहीं किया गया, तो उनके खिलाफ दीवानी और आपराधिक मुकदमा दायर किया जाएगा।
पुराना सियासी टकराव फिर सतह पर

बादली हल्के की राजनीति में कुलदीप वत्स और नरेश शर्मा के बीच टकराव कोई नया नहीं है। कुलदीप वत्स कांग्रेस से दो बार विधायक रह चुके हैं, जबकि नरेश शर्मा भी इसी हल्के से दो बार विधायक रहे हैं—एक बार निर्दलीय और एक बार कांग्रेस से। दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से राजनीतिक प्रतिस्पर्धा और बयानबाजी चलती रही है।

दीपेंद्र हुड्डा के चुनाव में भी हुआ था विवाद

बताया जाता है कि दीपेंद्र सिंह हुड्डा के लोकसभा चुनाव के दौरान भी दोनों नेताओं के बीच खुला टकराव देखने को मिला था, जिसमें आरोप-प्रत्यारोप और तीखी बयानबाजी ने राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया था। मौजूदा घटनाक्रम को उसी कड़ी का विस्तार माना जा रहा है।

अब नजर नरेश शर्मा के जवाब पर

इस पूरे मामले में अब सभी की नजर पूर्व विधायक नरेश शर्मा के जवाब पर टिकी हुई है। आने वाले दिनों में यह साफ होगा कि वे इस नोटिस का किस तरह से जवाब देते हैं—क्या वे अपने आरोपों पर कायम रहते हैं या फिर माफी का रास्ता अपनाते हैं। फिलहाल, इस नोटिस के बाद बादली हल्के की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है और सियासी हलकों में इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। नरेश शर्मा से हुई बातचित में बताया कि आने वाले दो दिन में बयाज समेत जवाब देगें।