रोहतक में आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने जेजेपी की हिसार में होने वाली छात्र हित महापंचायत को लेकर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग भाजपा नेता के बेटे द्वारा एक लड़की को छेड़ने के मामले में उसका सपोर्ट कर रहे थे, आज वो कौन सी महापंचायत कर रहे हैं।

नवीन जयहिंद ने कहा कि दिग्विजय ने एक बयान में बोला था कि भाजपा नेता सुभाष बराला के बेटे द्वारा लड़की छेड़ने के मामले में उनका सपोर्ट किया था, आज वो उनके ऊपर ही हमले करवा रहे है। जेजेपी छात्र हित महापंचायत नहीं, बल्कि खुद को बचाने के लिए ऐसा कर रही है, उन्हें छात्रों के हितों से कोई लेना देना नहीं है।

दुष्यंत चौटाला कब से हो गए छात्र

नवीन जयहिंद ने दुष्यंत चौटाला पर तंज कसते हुए कहा कि दुष्यंत चौटाला कब से छात्र हो गए। छात्र पंचायत पार्क में नहीं होती, बल्कि यूनिवर्सिटी में होनी चाहिए। लड़की छेड़ने वालों का सपोर्ट करने वाले कौन सी पंचायत कर रहे हैं। अगर हिम्मत है, तो सीएम व डीजीपी का पुतला फूंक कर दिखाए।

जो सीआईए टीम नेताओं की गाड़ी रोकेगी, उन्हें देंगे घी

नवीन जयहिंद ने कहा कि जो सीआईए टीम के सदस्य नेताओं की गाड़ी रोकने का काम करेंगे, उनके सामने खड़े होंगे, उन्हें वह 5 किलो व 11 किलो घी देंगे। जितने लठ मारे जाएंगे, उन्हें उतने किलो घी दिया जाएगा। नवीन जयहिंद ने दिग्विजय की केजरीवाल से हुई मुलाकात पर कहा कि क्या दोनों के बीच एसवाईएल के बारे में बात हुई। यह दिग्विजय को बताना चाहिए।

पहले पुलिस महात्मा, आज कैसे हो गई राक्षस

नवीन जयहिंद ने कहा कि जब दुष्यंत चौटाला डिप्टी सीएम थे, उस समय क्या पुलिस मारपीट नहीं करती थी। आज ये एक एफआईआर से भाग गए, इन्हें तो लठ लगने चाहिए थे। जब दुष्यंत डिप्टी सीएम थे, तो पुलिस महात्मा थी, आज राक्षस कैसे हो गई। ये लोग अपने लिए लड़ रहे हैं, इन्हें छात्रों से कोई लेना देना नहीं है।