• MLA बोले- सांसद को सोचकर बोलना चाहिए था, भव्य बिश्नोई बोले- बंदर क्या जाने अदरक का स्वाद

हरियाणा में भाजपा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल को ‘बदमाश’ कहे जाने को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बयान पर भाजपा के भीतर ही विरोध शुरू हो गया है। भजनलाल के छोटे बेटे कुलदीप बिश्नोई के करीबी भाजपा विधायक रणधीर पनिहार ने कहा है कि वह इस मामले को मुख्यमंत्री नायब सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली और केंद्रीय नेतृत्व के सामने उठाकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।

विधायक रणधीर पनिहार ने कहा, “मैं बेहद हैरान हूं। रेखा शर्मा जैसी वरिष्ठ नेता को इस तरह की टिप्पणी करने से पहले सोचना चाहिए था। मुझे रात को ही इसकी जानकारी मिल गई थी, जिससे मुझे बहुत पीड़ा हुई। पूरे देश में चौधरी भजनलाल और बंसीलाल को लेकर लोगों में गहरी श्रद्धा है।”

उधर, पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के बेटे और कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन पहले ही रेखा शर्मा को लीगल नोटिस भेज चुके हैं। वहीं, भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे न सिर्फ हमारे परिवार में, बल्कि लोगों में भी गुस्सा है।

उन्होंने इस मुद्दे पर एक पोस्ट भी की, जिसमें लिखा-
बंदर क्या जाने अदरक का स्वाद।” यह मैं कुछ लोगों की अनुभवहीन और जनाधार-विहीन कार्यशैली के बारे में लिख रहा हूं। इसे किसी व्यक्ति-विशेष से न जोड़ा जाए।

सांसद रेखा शर्मा के बयान से बिश्नोई समाज भी नाराज

सांसद रेखा शर्मा के बयान से बिश्नोई समाज में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। इस मुद्दे को लेकर आज हिसार के बिश्नोई मंदिर में सुबह साढ़े 11 बजे बिश्नोई सभा की बैठक हुई। बिश्नोई सभा, हिसार के प्रधान जगदीश कड़वासरा ने कहा कि रेखा शर्मा को सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए। अगर सांसद ने माफी नहीं मांगी तो उनका विरोध किया जाएगा। उनके जहां कार्यक्रम होंगे, बिश्नोई समाज विरोध करेगा।

वहीं, बिश्नोई सभा, हिसार के पूर्व प्रधान प्रदीप बेनीवाल ने कहा कि भाजपा सांसद का बयान पूरी तरह गलत है। चौधरी भजनलाल एक बेहद अच्छे इंसान और युगपुरुष थे, जिन्होंने कभी गंदी राजनीति नहीं की। बेनीवाल ने यह भी कहा कि भाजपा नेता पहले भी भजनलाल पर टिप्पणी कर चुके हैं। कुलदीप बिश्नोई को अपने पिता और बड़े भाई के लिए बोलना चाहिए।

बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान मनदीप बिश्नोई ने कहा कि रेखा शर्मा को मुकाम धाम जाकर माफी मांगनी चाहिए। वहीं, मार्केट कमेटी के चेयरमैन ठाकरदत्त ने कहा कि पूर्व सीएम भजन लाल पर टिप्पणी सहन नहीं की जाएगी।

सेक्टर-5 में जनसभा को संबोधित कर रही थीं सांसद रेखा शर्मा

24 अप्रैल को पंचकूला में भाजपा के मेयर प्रत्याशी श्यामलाल बंसल ने नामांकन दर्ज किया। इससे पहले सेक्टर-5 में जनसभा रखी गई थी। यहां रेखा शर्मा ने मंच से कहा, “श्यामलाल बंसल ने वो समय भी देखा है, जब यहां पर कांग्रेस की बदमाशी थी। जब यहां बदमाशी थी भजनलाल की और चंद्रमोहन की। पूरी तरह बदमाशी करके ये इलेक्शन जीते थे।”

भजनलाल का नाम लेने से पहले रेखा बंसीलाल भी बोल रही थीं, लेकिन वह बीच में ही रुक गईं। बाद में रेखा शर्मा ने कहा- 1996 में शामलाल बंसल को बदमाशी और धोखे से हराया गया था। बंसीलाल का नाम गलती से निकल गया। चौधरी बंसीलाल तो उस समय भाजपा के साथ चुनाव लड़ रहे थे।