• पंजाबी-वैश्य वोटर हार-जीत में निर्णायक, पार्किंग-डॉग और पब्लिक सुविधाएं बड़े मुद्दे

पंचकूला नगर निगम चुनाव में वार्ड 4, 5 और 6 इस बार बेहद अहम बन गए हैं, जहां पंजाबी और वैश्य मतदाताओं का दबदबा चुनावी नतीजों को प्रभावित करेगा। तीनों वार्डों में BJP और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर है, जबकि कुछ जगह बागी उम्मीदवार भी मुकाबले को रोचक बना रहे हैं। पिछली जीत के अंतर कम रहने से मुकाबला और कड़ा हो गया है।

यहां के निवासियों से वार्ड के मुद्दों पर बातचीत की, तो लोगों ने बताया कि स्थानीय स्तर पर पार्किंग, सफाई, पब्लिक यूटिलिटी, शराब ठेका और लावारिस कुत्तों जैसी समस्याएं मतदाताओं के लिए प्रमुख मुद्दे बनी हुई हैं। जिनको लेकर वार्ड में आने वाले कैंडिडेट से लोग सवाल करने वाले हैं।

वार्ड 4 में पंजाबी-वैश्य वोटर निर्णायक

पिछली बार जीता था BJP कैंडिडेट
पंचकूला शहर के वार्ड 4 में सेक्टर-9 और 10 तथा हाउसिंग बोर्ड का एरिया आता है। वार्ड पंजाबी वोटर और वैश्य मतदाताओं की संख्या ज्यादा है। ब्राह्मण मतदाता भी यहां पर अच्छी खासी संख्या में हैं। कांग्रेस ने पंजाबी बिरादरी के राजीव चौधरी और BJP ने भारत हितैषी को प्रत्याशी बनाया है।पिछली बार यहां से BJP उम्मीदवार सोनिया सूद ने 1149 वोटों से जीत दर्ज की थी। वार्ड में 5258 पुरूष तथा 5215 महिला मतदाता है।

पार्किंग और पब्लिक यूटिलिटी बड़ा मुद्दा
वार्ड 4 के सेक्टर-9 के दुकानदार चेतन नारा ने बताया कि मार्केट में पार्किंग की बड़ी समस्या है। जगह बेहद कम होने के कारण ग्राहक परेशान होते हैं। वहीं पब्लिक यूटिलिटी के लिए भी बड़ी परेशानी है। एक ही टॉयलेट होने के कारण महिलाओं को दिक्कत होती है। कर्मचारी उस पर भी रात 9 बजे ताला जड़ देता हैं, उसकी सफाई भी प्रॉपर नहीं होती।

वार्ड-5: पंजाबी- वैश्य-ब्राह्मण वोट बहुल वार्ड

512 वोट से जीता था BJP ने पिछला चुनाव
पंचकूला शहर के वार्ड-5 में केवल सेक्टर 15 का एरिया है। वार्ड में पंजाबी वोटर की संख्या ज्यादा है। उसके बाद वैश्य, मद्रासी, ब्राह्मण शामिल हैं। करीब 6 बार यहां से पंजाबी समुदाय से पार्षद रह चुका है। लेकिन इस बार BJP- कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार ब्राह्मण समुदाय से बनाया है। कांग्रेस ने विजय शर्मा तथा BJP ने जय कौशिक को पार्टी का उम्मीदवार बनाया है।पिछली बार वार्ड 5 में BJP के जय कुमार कौशिक ने 512 वोट से जीते थे। वार्ड में 5454 पुरूष तथा 5421 महिला मतदाता हैं।

शराब ठेका, डॉग और लावारिस पशु मुद्दा
RWA के प्रधान सुनील वशिष्ठ के अनुसार वार्ड में शराब का ठेका खुला हुआ है। जिसके कारण लोगों को परेशानी आ रही है। लावारिस डॉग और पशुओं के कारण भी लोग काफी परेशान हैं। हर रोज डॉग बाइट के केस आ रहे हैं लेकिन निगम के लोग डॉग पकड़ने के लिए नहीं आ रहे हैं।

पंजाबी-वैश्य बिरादरी का वार्ड-6 में दबदबा

कांग्रेस कैंडिडट ने जीता था पिछला चुनाव
पंचकूला शहर के वार्ड-6 में सेक्टर-16, 17, 18 आता है। पूर्व विस स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता का आवास इसी वार्ड में है। वार्ड में सबसे ज्यादा पंजाबी, फिर वैश्य वोटरों की संख्या है। इस बार उन्हीं के पोते पार्थ गुप्ता को BJP ने कैंडिडेट बनाया है। वहीं कांग्रेस ने यहां से दर्शनलाल शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। पिछली बार कांग्रेस के पंकज ने वार्ड 6 से 568 वोटों से जीत दर्ज की थी।वार्ड में BJP के बागी उम्मीदवार प्रवीन गोयल भी निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। जिसका नुकसान BJP को हो सकता है। वार्ड में 4359 पुरूष तथा 4349 महिला मतदाता हैं।

मार्केट में पार्किंग बड़ा मुद्दा

सेक्टर 17 के दुकानदार सचिन के अनुसार यहां पर पार्किंग बड़ा मुद्दा है। उसके बाद सफाई का भी मुद्दा है। सफाई कर्मी खुले में कूड़ा फैंक जाते हैं, बारिश के समय में पानी जाएगा तो कूड़ा बदबू मारने लगेगा, जिसके कारण आसपास के घरों व मार्केट में लोगों को परेशानी होती है। कुछ सड़के भी वार्ड में टूटी हुई हैं।