• हरियाणा निकाय चुनाव- सांपला-धारूहेड़ा में BJP चेयरमैन बने
  • उकलाना में कांग्रेस समर्थित रीमा चेयरपर्सन

हरियाणा में निकाय चुनाव की काउंटिंग सुबह 8 बजे से जारी है। उकलाना नगर पालिका में कांग्रेस समर्थित रीमा सोनी चेयरपर्सन का चुनाव जीत गईं। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार निकिता गोयल को हराया।

जीत से पहले ही समर्थकों ने रीमा के पिता महेंद्र सोनी को कंधे पर उठा लिया था। जिसकी वजह से हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा के गढ़ सांपला नगर पालिका में भाजपा के प्रवीण कोच ने चेयरमैन का चुनाव जीत लिया। धारूहेड़ा नगर पालिका में भाजपा उम्मीदवार अजय जांगड़ा चेयरमैन बने।

पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम में भाजपा के मेयर उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। तीनों ही जगह कांग्रेस उम्मीदवार दूसरे नंबर पर हैं। उधर, रेवाड़ी के वार्ड नंबर 3 से कांग्रेस प्रत्याशी एवं शहरी जिला प्रधान प्रवीण चौधरी ने पार्षद का चुनाव जीत लिया है।

10 मई को पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम, सांपला, उकलाना, धारूहेड़ा नगर पालिका व रेवाड़ी नगर परिषद के आम चुनाव के लिए वोटिंग हुई थी। सातों निकायों में करीब 54 प्रतिशत वोट डले।

रिजल्ट के बड़े अपडेट्स…

अंबाला में नगर निगम में भाजपा की मेयर उम्मीदवार अक्षिता सैनी आगे चल रही हैं, जबकि कांग्रेस की कुलविंदर कौर दूसरे नंबर पर हैं।
उकलाना नगर पालिका चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार रीमा सोनी ने 7078 वोट हासिल कर जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा की निकिता गोयल को 2806 वोटों से हराया।
सोनीपत नगर निगम में भाजपा के मेयर उम्मीदवार राजीव जैन आगे चल रहे हैं। कांग्रेस उम्मीदवार कमल दीवान दूसरे नंबर पर हैं।
पंचकूला नगर निगम में भाजपा के श्यामलाल बंसल आगे चल रहे हैं। कांग्रेस की सुधा भारद्वाज दूसरे नंबर पर हैं।
झज्जर नगर परिषद के वार्ड नंबर 13 के उपचुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार विकास उर्फ माइकल ने भाजपा प्रत्याशी को 295 वोटों से हराया।